चम्पावत, 05 अक्टूबर 2026
*मुख्यमंत्री के गड्ढामुक्त सड़कों के निर्देशों पर तेजी से अमल, टनकपुर में प्रभावित सड़कों का डामरीकरण एवं पैच मरम्मत जारी*
*जिलाधिकारी के दिशा निर्देशानुसार पेयजल परियोजना से प्रभावित सड़कों के पुनर्स्थापना कार्य को प्राथमिकता, आवागमन होगा सुगम*
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदेश में सड़कों को गड्ढामुक्त एवं आवागमन के लिए सुगम बनाए जाने के दिए गए निर्देशों के क्रम में जनपद चम्पावत में सड़क सुधारीकरण एवं पुनर्स्थापना कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार के दिए गए निर्देश पर टनकपुर नगर पालिका क्षेत्र में भूमिगत पेयजल पाइपलाइन परियोजना के कारण प्रभावित सड़कों के पुनर्स्थापना कार्य में तेजी लाई गई है। प्रभावित मार्गों पर बिटुमिनस (डामरीकरण) पैच मरम्मत कर सड़कों को पूर्ववत एवं आवागमन के लिए सुगम बनाया जा रहा है।
उत्तराखण्ड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) द्वारा टनकपुर नगर क्षेत्र में भूमिगत पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। पाइपलाइन बिछाने के दौरान जिन स्थानों पर सड़कें प्रभावित हुई हैं, वहां चरणबद्ध तरीके से रोड रेस्टोरेशन एवं डामरीकरण पैच मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। पेयजल पाइपलाइन का कार्य पूर्ण हो चुके क्षेत्रों में सड़क पुनर्स्थापना को प्राथमिकता देते हुए कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक अंकित आर्या ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावित मार्गों को चिन्हित कर पुनर्स्थापना कार्य कराया जा रहा है। कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के साथ यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि स्थानीय नागरिकों एवं वाहन चालकों को न्यूनतम असुविधा हो और प्रभावित सड़कों पर आवागमन शीघ्र सामान्य एवं सुगम हो सके।
उन्होंने बताया कि परियोजना का उद्देश्य टनकपुर नगर क्षेत्र में बेहतर एवं सुदृढ़ पेयजल व्यवस्था विकसित करना है। इसके साथ ही पाइपलाइन निर्माण से प्रभावित सड़कों को व्यवस्थित ढंग से पुनर्स्थापित किया जा रहा है। मा. मुख्यमंत्री के गड्ढामुक्त एवं बेहतर सड़क व्यवस्था के निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा संबंधित कार्यों की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि पेयजल परियोजना के लाभ के साथ नागरिकों को बेहतर सड़क एवं सुगम आवागमन की सुविधा भी सुनिश्चित हो सके।

