चम्पावत 05 अक्टूबर 2025,
*गौवंश संरक्षण के लिए ठोस कदम — नायकगोठ (टनकपुर) में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत बन रही गौशाला का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण*
*146.86 लाख की लागत से नायकगोठ में बन रही गौशाला*
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाओं के क्रम में जनपद चम्पावत अंतर्गत टनकपुर के नायकगोठ में निर्माणाधीन गौशाला का जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया।
यह गौशाला 146.86 लाख रुपये की लागत से कार्यदायी संस्था – नगर पालिका परिषद, टनकपुर द्वारा निर्मित की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल पर चल रहे कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता, निर्माण सामग्रियों के उपयोग, स्थल पर श्रमिकों की संख्या तथा कार्य प्रगति की स्थिति का प्रत्यक्ष रूप से अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया सामग्री का प्रयोग न किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की इस महत्त्वपूर्ण घोषणा का उद्देश्य आवारा, बीमार और असहाय गौवंश को सुरक्षित आश्रय प्रदान करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशाला में पेयजल, चारा भंडारण, पशु चिकित्सा सुविधा, शेड निर्माण, नालियों की समुचित निकासी तथा सोलर लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गौवंश को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
श्री कुमार ने कहा कि यह गौशाला भविष्य में गौसंरक्षण एवं गोवंश आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण में भी सहायक सिद्ध होगी।
इस दौरान उप जिलाधिकारी टनकपुर आकाश जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

