*उत्तराखण्ड रजत जयंती समारोह का भव्य आगाज़, 01 नवंबर को स्वच्छता और जागरूकता कार्यक्रमों का होगा आयोजन

चम्पावत 31 अक्टूबर 2025, ।

*उत्तराखण्ड रजत जयंती समारोह का भव्य आगाज़, 01 नवंबर को स्वच्छता और जागरूकता कार्यक्रमों का होगा आयोजन*

उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ (रजत जयंती) के ऐतिहासिक अवसर को भव्य रूप से मनाने के लिए, जनपद चम्पावत में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों पर दिनांक 01 नवम्बर, 2025 से 11 नवम्बर, 2025 तक चलने वाले राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रमों का रोस्टर निर्धारित कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए इन आयोजनों को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।
01 नवम्बर 2025: मुख्य कार्यक्रमों का विवरण
राज्य स्थापना सप्ताह के उद्घाटन दिवस 01 नवम्बर, 2025 को जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जन-केंद्रित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दिन प्रातःकाल से ही ग्रामीण क्षेत्रों के समस्त न्याय पंचायत स्तर पर तथा शहरी क्षेत्रों में डिप्टेश्वर मंदिर चंपावत और नगर पालिका परिषद लोहाघाट के सार्की टोला वार्ड में स्वच्छता अभियान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम होंगे। नगर पालिका टनकपुर में शारदा घाट तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में एवं नगर पालिका क्षेत्रांतर्गत अन्य स्थानों पर तथा नगर पंचायत बनबसा में बनबसा बस स्टैंड, शहीद स्मारक एवं उसके आस-पास के क्षेत्रों में एक-एक पेड़ लगाया जाएगा।
विकास और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए वाइब्रेंट विलेज जन जागरूकता कार्यक्रम लोहाघाट के ग्राम मडुवा, चंपावत के ग्राम तरकुली तथा ग्राम बगेलीगूठ में चलाया जाएगा। नदी महोत्सव, जागरूकता और स्वच्छता कार्यक्रम डिप्टेश्वर मंदिर के निकट गंडक नदी में आयोजित होगा।
स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने हेतु हस्तशिल्प एवं स्थानीय उत्पादों की स्टॉल प्रदर्शनी विकासखंड स्तर पर लगाई जाएगी, साथ ही दुग्ध समितियों में उत्पादकों से संपर्क किया जाएगा। समाज कल्याण के तहत, वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल कार्यक्रम जिला अस्पताल, समस्त उप जिला अस्पताल तथा समस्त स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित होंगे। पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए विकासखंड स्तरीय पशु प्रदर्शनी पशु चिकित्सालय, विकासखंड बाराकोट में आयोजित की जाएगी।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी विभाग इन कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए आपसी समन्वय स्थापित करें, ताकि राज्य स्थापना सप्ताह के माध्यम से जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके और राज्य की 25 वर्षों की यात्रा का गौरवपूर्ण प्रदर्शन हो सके।