चम्पावत 07 जनवरी 2026,
*जनता मिलन में उठी शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देश, नरियालगांव पशु प्रजनन प्रक्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण*
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान नायल ग्राम के समस्त ग्रामवासियों द्वारा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के समक्ष पशुपालन केंद्र नरियालगांव में प्रस्तावित चहारदीवारी के निर्माण से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की गई।
ग्रामवासियों ने आशंका जताई कि निर्माणाधीन दीवार ग्रामवासियों की नाप भूमि में आ रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को स्थल निरीक्षण कर वस्तुस्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी, अधिशासी अभियंता लोनिवि श्री मोहन पलड़िया एवं उप-मुख्य पशु चिकित्साधिकारी टी. पी. यादव द्वारा राजकीय पशु प्रजनन प्रक्षेत्र, नरियालगांव का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी द्वारा समस्त प्रक्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया गया। उन्होंने प्रक्षेत्र में स्थित देवदार वनी के वृक्षों के संरक्षण हेतु आवश्यक दिशानिर्देश दिए। साथ ही चहारदीवारी निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण करते हुए विगत माहों में हुई अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त वृक्षों को हटाने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जा सके।
अपर जिलाधिकारी द्वारा प्रक्षेत्र की भूमि से संबंधित स्थिति स्पष्ट करने हेतु संबंधित पटवारी से पैमाइश एवं अभिलेखीय परीक्षण कराया गया।
इसके अतिरिक्त प्रक्षेत्र में संचालित गतिविधियों की सराहना करते हुए वर्मीकंपोस्ट एवं गौमूत्र अर्क उत्पादन जैसे कार्यों को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संचालित करने के निर्देश दिए गए, जिससे स्थानीय आजीविका को प्रोत्साहन मिल सके।
निरीक्षण के दौरान पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुमित कुमार, सरपंच नरियालगांव श्री जगदीश जोशी, श्री दिनेश लाबड़ सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

