*जनगणना गतिविधियों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज, 14 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना (सेल्फ इन्यूमरेशन) प्रक्रिया*

चंपावत 28 सितम्बर, 2026,

*जनगणना गतिविधियों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज, 14 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना (सेल्फ इन्यूमरेशन) प्रक्रिया*

जिले में आगामी जनगणना (सेंसस) गतिविधियों के संचालन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

इस संबंध में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के क्रम में सभी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्य योजनाओं एवं निर्धारित तिथियों की जानकारी प्रदान कर दी गई है।

प्रशासनिक स्तर पर 4 दिसंबर से आगामी 5 जनवरी तक डोर-टू-डोर (घर-घर) सर्वे का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसके सफल क्रियान्वयन के लिए प्रथम चरण का प्रशिक्षण अधिकारियों को दे दिया गया है। इसके साथ ही घर-घर जाकर सूचीकरण का कार्य करने वाले प्रगणकों (इन्यूमिनेटर्स) का भी प्रशिक्षण संपन्न हो चुका है।

जनगणना प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए रूट चार्ट तैयार किए जा रहे हैं और सभी आवश्यक संसाधनों एवं आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, ताकि इस गतिविधि को निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से पूर्ण किया जा सके।

प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे 14 नवंबर से शुरू होने वाली स्व-गणना (सेल्फ इन्यूमरेशन) प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें। नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार का सटीक विवरण दर्ज कर सकते हैं, जिससे आंकड़ों में किसी भी प्रकार के विरोधाभास या दुविधा की संभावना समाप्त होगी और डोर-टू-डोर सर्वे के दौरान प्रगणकों को भी सत्यापन में सुलभता होगी।

जिलाधिकारी ने सभी सम्मानित नागरिकों से आह्वान किया है कि वे एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए इस राष्ट्रीय महाभियान में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें।