चंपावत 09 फरवरी 2026,
*92 फरियादें पहुँचीं जनता मिलन में, जिलाधिकारी के त्वरित निस्तारण के निर्देश*
*जिलाधिकारी के निर्देश: जनता मिलन की शिकायतें समयसीमा में हों निस्तारित*
जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा कुल 92 शिकायतें दर्ज कराई गईं।
जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम मौनकांडा की श्रीमती रीता महराना की शिकायत पर उन्हें आवास, राशन कार्ड एवं किसान पेंशन योजना का लाभ दिलाने हेतु मौके पर ही पंजीकरण कराने की कार्यवाही कराई गई।
ग्राम डुंगरासेठी की श्रीमती विमला देवी एवं वैशाली ने जंगली जानवरों से फसल सुरक्षा हेतु फेंसिंग लगाने की मांग पर कृषि अधिकारी और उद्यान अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर चैन लिंक फेंसिंग दिलाने के निर्देश दिए।
छतार के श्री बलदेव गडकोटी ने अधिक विद्युत बिल की शिकायत पर ईई विद्युत को तत्काल बिल सही करने के निर्देश दिए।
बाराकोट निवासी हरीश राम ने दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाने हेतु प्रार्थना पर मुख्य चिकित्साधिकारी और समाज कल्याण अधिकारी को तत्काल प्रमाण पत्र निर्गत करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त खेतीखान के श्री मदन सिंह बोहरा ने दैवीय आपदा से हुई क्षति की भरपाई की मांग की, ग्राम पचनई के शिवराज सिंह ने आवास एवं रोजगार उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, नागनाथ वार्ड के भुवन कुमार ने छात्रवृत्ति दिलाने की मांग रखी, ललुवापानी की सोनम बिष्ट ने घरेलू हिंसा रोकने संबंधी सहायता मांगी, खूनाबोरा के पूरन सिंह ने पेयजल समस्या समाधान एवं आर्थिक सहायता की मांग की, बाजरीकोट निवासी अशोक सिंह कार्की ने ग्राम में सोलर लाइट लगाने का अनुरोध किया, बनबसा की निर्मला देवी ने ऋण माफी की मांग रखी, ग्राम झालाकुड़ी के जीवन राम ने आधार कार्ड बनवाने हेतु आवेदन दिया तथा ग्राम रैघाड़ी के दीपक जोशी ने पीएमजीएसवाई सड़क की मरम्मत की मांग की।
इसके अतिरिक्त दशरथ सिंह, जानकी देवी, राम सिंह, बंशीधर भट्ट, डिकर देव, हेमा देवी, गौरव शर्मा, सरस्वती बोहरा, संतोषी देवी, चंदन सिंह नेगी, प्रकाश चंद्र, भरत राम सहित अन्य फरियादियों द्वारा भी विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्राप्त सभी शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को राहत मिल सके और अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी सदर श्री अनुराग आर्या, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

