चम्पावत 10 फरवरी 2026,
*“अपना स्कूल, अपनी ज़मीन अभियान: चम्पावत में 20 दिनों में 117 विद्यालयों की भूमि सुरक्षित”*
*जिलाधिकारी मनीष कुमार की पहल-“अपना स्कूल, अपनी ज़मीन अभियान” से विद्यालयों को मिल रही सुरक्षित पहचान*
जनपद में विद्यालयों की भूमि को सुरक्षित करने और भविष्य में अतिक्रमण मुक्त एवं भूमि विवादों से बचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार संचालित “अपना स्कूल, अपनी ज़मीन अभियान” तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
मात्र 20 दिनों के भीतर अभियान ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। अब तक जनपद में कुल 117 विद्यालयों की भूमि का पंजीयन पूर्ण किया जा चुका है, जबकि 193 विद्यालयों में भूमि पंजीयन की कार्यवाही गतिमान है।
22 जनवरी को जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शिक्षा विभाग की बैठक में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा तथा मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि विद्यालयों की भूमि को अतिक्रमण से बचाने हेतु भूमि का विद्यालयों के नाम पंजीयन सुनिश्चित किया जाए, जिससे भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।
जनपद में शिक्षा विभाग के अंतर्गत कुल 646 विद्यालय संचालित हैं। प्राथमिक विद्यालयों में विकासखंड चम्पावत में 191 विद्यालय हैं, जिनमें से 32 का भूमि पंजीयन पूर्ण हो चुका है तथा 159 में कार्यवाही गतिमान है। विकासखंड लोहाघाट में 119 प्राथमिक विद्यालयों में से 7 का पंजीयन पूर्ण तथा 112 में प्रक्रिया जारी है। विकासखंड बाराकोट में 78 प्राथमिक विद्यालयों में 18 का पंजीयन पूर्ण तथा 60 में कार्यवाही गतिमान है। विकासखंड पाटी में 153 प्राथमिक विद्यालयों में 7 का पंजीयन पूर्ण तथा 146 में पंजीयन प्रक्रिया जारी है।
माध्यमिक विद्यालयों में विकासखंड चम्पावत में 43 विद्यालय हैं, जिनमें 14 का भूमि पंजीयन पूर्ण तथा 29 में कार्यवाही चल रही है। विकासखंड लोहाघाट में 18 माध्यमिक विद्यालयों में 11 का पंजीयन पूर्ण और 7 में प्रक्रिया जारी है। विकासखंड बाराकोट में 18 विद्यालयों में 15 का पंजीयन पूर्ण तथा 3 में कार्यवाही गतिमान है। विकासखंड पाटी में 26 माध्यमिक विद्यालयों में 13 का पंजीयन पूर्ण तथा 13 में कार्यवाही जारी है।
अभियान शुरू होने से पूर्व जनपद में केवल 55 विद्यालयों की भूमि का पंजीयन अथवा अभिलेखीय पुष्टि उपलब्ध थी। इनमें विकासखंड चम्पावत के 21, लोहाघाट के 13, बाराकोट के 7 तथा पाटी के 14 विद्यालय शामिल थे। वर्तमान अभियान के बाद यह संख्या तेजी से बढ़ रही है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, पटवारी सहित मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं उपखंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान के तहत भूमि पंजीयन की कार्यवाही में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल राजस्व अभिलेखों का सुधार नहीं, बल्कि विद्यालयों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है।
“अपना स्कूल, अपनी ज़मीन” अभियान जनपद में शिक्षा संस्थानों को कानूनी सुरक्षा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरगामी पहल बनकर उभर रहा है।

