चंपावत 05 जून 2026,

*विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चम्पावत जिला न्यायालय परिसर में हुआ पौधरोपण कार्यक्रम*

माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद चम्पावत में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम माननीय जिला जज एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत की अध्यक्षता में जिला न्यायालय परिसर चम्पावत तथा नए आवास के प्रांगण में अत्यंत उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

इस अभियान के दौरान मा0 जिला जज श्री अनुज कुमार संगल ने पौधा रोपित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। उनके साथ ही मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, चम्पावत निहारिका मित्तल गुप्ता तथा प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत रश्मि गोयल ने भी सक्रिय रूप से पौधरोपण कर प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में अपना योगदान दिया।

कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों के साथ-साथ बार और विधिक सेवा से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिला बार संघ अध्यक्ष चम्पावत श्री राम सिंह बिष्ट, चीफ लीगल एड डिफेंस काउन्सिल श्री विजय कुमार राय और रिटेनर अधिवक्ता कु० मृदुल मौनी ने भी कार्य में प्रतिभाग किया।
इस दौरान जिला न्यायालय चम्पावत के समस्त सम्मानित अधिवक्तागण, न्यायालय के सभी कर्मचारीगण और अपने वादों के सिलसिले में न्यायालय परिसर में उपस्थित हुए।

इसके साथ ही, बाह्य न्यायालय टनकपुर में स्थित तहसील विधिक सेवा समिति द्वारा भी अपने स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर इस वैश्विक मुहिम को आगे बढ़ाया गया। सभी प्रतिभागियों ने न सिर्फ नए पौधे रोपे, बल्कि भविष्य में उनकी उचित देखरेख और संरक्षण करने का संकल्प भी लिया।