*विश्व पर्यावरण दिवस पर चंपावत में पर्यावरण और जल संरक्षण के लिए महाअभियान; भव्य जागरूकता रैली और वृक्षारोपण का हुआ आयोजन*

चंपावत 05 जून, 2026,

*विश्व पर्यावरण दिवस पर चंपावत में पर्यावरण और जल संरक्षण के लिए महाअभियान; भव्य जागरूकता रैली और वृक्षारोपण का हुआ आयोजन*

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के दिशा-निर्देशानुसार, विश्व पर्यावरण दिवस- 2026 के अवसर पर जनपद चंपावत में पर्यावरण और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए एक वृहद जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

*वन विभाग चंपावत प्रभाग*, *स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARRA) तथा नमामि गंगे* के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस महाअभियान के जरिए जन-जन को प्रकृति के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस *”प्रकृति से प्रेरित। जलवायु के लिए। हमारे भविष्य के लिए।”* (Inspired by Nature. For Climate. For Our Future.) की विशेष थीम के साथ संजीदगी और उत्साहपूर्वक मनाया गया।
पर्यावरण चेतना जागृत करने के उद्देश्य से कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस लाइन चंपावत से प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय चंपावत तक निकाली गई एक भव्य जागरूकता रैली के साथ हुई, जिसमें अधिक संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर पर्यावरण सुरक्षा के नारे लगाए।

इसके उपरांत, प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय के प्रांगण में एक विशेष जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी के दौरान उपस्थित सभी वक्ताओं ने तेजी से बदलते पर्यावरण और घटते जल स्तर पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन पर अपने-अपने बहुमूल्य विचार साझा किए। इसी क्रम में माउंट कार्मल विद्यालय के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं ने एक मर्मस्पर्शी नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी, जिसके जरिए उन्होंने वहां मौजूद जनसमूह को पर्यावरण बचाने और जल की एक-एक बूंद को सहेजने के लिए बेहद प्रभावी ढंग से प्रेरित किया।
इस विशेष अवसर पर पर्यावरण को हरी-भरी सौगात देने के लिए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया, जिसमें सभी अतिथियों और अधिकारियों ने पौधे रोपकर उनकी देखभाल का संकल्प लिया।

इसके साथ ही, जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए कफलांग क्षेत्र में स्थित पारंपरिक नौले और रिजर्व वन में एक वृहद स्वच्छता कार्यक्रम चलाया गया, जहां श्रमदान कर कूड़े-कचरे को साफ किया गया और प्राकृतिक जल स्रोतों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में रूप से माननीय वन एवं पर्यावरण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्री श्याम नारायण पांडेय, मा विधायक प्रतिनिधि चंपावत श्री प्रकाश तिवारी, मा नगर पालिका अध्यक्षा श्रीमती प्रेमा पाण्डेय तथा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के साथ ही उप प्रभागीय वनाधिकारी श्री सुनील कुमार, वन क्षेत्राधिकारी चंपावत बृजमोहन सहित विभिन्न जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, सम्मानित जन प्रतिनिधि, विद्यालय के छात्र-छात्राएं और जनपद की समर्पित साररा (SARRA) टीम उपस्थित रही।