*मानसून के मद्देनजर चम्पावत में अलर्ट: सभी फील्ड अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यक्षेत्र में रहने के सख्त निर्देश*

चंपावत 09 जुलाई 2026,

*मानसून के मद्देनजर चम्पावत में अलर्ट: सभी फील्ड अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यक्षेत्र में रहने के सख्त निर्देश*

जनपद चम्पावत की प्राकृतिक आपदा के प्रति संवेदनशीलता और मानसून अवधि में होने वाले नुकसान के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

मानसून के दौरान भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा समय-समय पर जारी होने वाले पूर्वानुमानों और चेतावनियों को देखते हुए किसी भी संभावित आपदा में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी अनिवार्य की गई है।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी श्री कृष्ण नाथ गोस्वामी ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
आदेश के अनुसार समस्त राजस्व अधिकारियों व कर्मचारियों सहित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सभी रेखीय विभागों के फील्ड स्तरीय अधिकारियों व कर्मचारियों का आपदा के दौरान अपने-अपने कार्यक्षेत्र में बने रहना अत्यंत आवश्यक है।

अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी और कर्मचारी मौसम की स्थिति पर चौबीसों घंटे निरंतर निगरानी बनाए रखेंगे। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी को अपना मोबाइल फोन हर समय सक्रिय (On) और सुचारु अवस्था में रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी क्षेत्र में प्राकृतिक आपदा, दुर्घटना या आपात स्थिति की सूचना मिलने पर संबंधित कार्मिक तत्काल इसकी जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारी तथा जनपद आपातकालीन परिचालन केन्द्र (DEOC) को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे, ताकि समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।