जनपद चम्पावत में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 57,265 नोटिसों की सुनवाई हुयी शत-प्रतिशत पूर्ण* *15 सितम्बर को होगा फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन*

चम्पावत, 25 अगस्त 2026 ।

*जनपद चम्पावत में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 57,265 नोटिसों की सुनवाई हुयी शत-प्रतिशत पूर्ण*

*15 सितम्बर को होगा फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन*

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) के तहत 14 जुलाई, 2026 को आलेख्य प्रकाशन के बाद प्राप्त नोटिसों/दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की कार्यवाही जारी है। जनपद में 54-लोहाघाट एवं 55-चम्पावत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में नियुक्त समस्त 25 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा विसंगति एवं नो मैपिंग वाले मतदाताओं की सुनवाई का कार्य 25 अगस्त, 2026 को शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है।

जनपद के दोनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 57,265 नोटिस जारी किए गए थे। इनमें 54-लोहाघाट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 27,565 तथा 55-चम्पावत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 29,700 मतदाता शामिल थे। संबंधित अधिकारियों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी नोटिसों की सुनवाई पूर्ण कर ली गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ संपादित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम निर्वाचक नामावली में सुनिश्चित करने तथा अपात्र नामों के संबंध में नियमानुसार कार्यवाही करने को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने बताया कि 14 जुलाई, 2026 को आलेख्य प्रकाशन के पश्चात प्राप्त प्रारूप-6, 7 एवं 8 के दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की कार्यवाही संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा 31 अगस्त, 2026 तक पूर्ण कर ली जाएगी। उन्होंने बताया भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 15 सितम्बर, 2026 को फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया जाना है।