मा. मुख्यमंत्री के ‘आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और धार्मिक पर्यटन को सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल*

चम्पावत, 10 जुलाई 2026,

*मा. मुख्यमंत्री के ‘आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और धार्मिक पर्यटन को सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल*

*पूर्णागिरि यात्रा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट परियोजना के लिए प्रथम किश्त के रूप में 2 करोड़ रुपये स्वीकृत*

*ककराली-टनकपुर से मां पूर्णागिरि धाम तक यात्रा मार्ग होगा आधुनिक एवं सुरक्षित, श्रद्धालुओं को मिलेगा बेहतर आवागमन का लाभ*

मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में जनपद चम्पावत के विधानसभा क्षेत्र में ककराली-टनकपुर से मां पूर्णागिरि धाम तक यात्रा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट स्थापना के कार्य को गति देने के लिए उत्तराखण्ड शासन ने महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
उत्तराखण्ड शासन के द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार इस परियोजना के लिए ₹8.1037 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति पूर्व में प्रदान की जा चुकी है। चालू वित्तीय वर्ष 2026 -27 में घोषणा मद से 5 करोड़ रुपये के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 40 प्रतिशत धनराशि अर्थात 2 करोड़ रुपये जिलाधिकारी चम्पावत के निवर्तन पर स्वीकृत की गई है।

यह परियोजना मां पूर्णागिरि धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों के लिए रात्रिकालीन आवागमन को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक बनाएगी। यात्रा मार्ग पर आधुनिक स्ट्रीट लाइट व्यवस्था स्थापित होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र में पर्यटन और आधारभूत अवसंरचना को भी नई मजबूती मिलेगी।

शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार कार्य प्रारम्भ करने से पूर्व सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक औपचारिकताएं पूर्ण की जाएंगी। चयनित कार्यदायी संस्था के साथ एमओयू हस्ताक्षरित किया जाएगा तथा विस्तृत आगणन पर सक्षम अधिकारी से तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करने के उपरांत कार्य प्रारम्भ किया जाएगा।

शासन ने निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग वित्तीय नियमों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए। परियोजना की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक तीन माह में प्रगति आख्या मुख्यमंत्री कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बताया कि शासन से प्राप्त प्रथम किश्त की धनराशि नियमानुसार कार्यदायी संस्था को उपलब्ध कराते हुए कार्यों को शीघ्र प्रारम्भ कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराया जाएगा, ताकि मां पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय जनता को इसका शीघ्र लाभ मिल सके।