चम्पावत 21 जुलाई, 2026
*मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रीप योजना से संवर रहा ग्रामीण महिलाओं का भविष्य: चम्पावत की पूजा बनीं आत्मनिर्भरता की मिसाल*
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास के लिए चलाई जा रही योजनाएं धरातल पर अत्यंत प्रभावी साबित हो रही हैं। राज्य में लागू ‘ग्रामोत्थान योजना’ यानी ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (रीप) के माध्यम से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की नई मिसाल भी पेश कर रही हैं। मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप रीप परियोजना मातृशक्ति को उद्यमी बनाकर राज्य के दूरस्थ इलाकों में स्वरोजगार और आजीविका के अवसरों को निरंतर मजबूती प्रदान कर रही है।
इसी क्रम में जनपद चम्पावत के टनकपुर की रहने वाली श्रीमती पूजा ने रीप परियोजना के सहयोग से आटा चक्की तथा मसाले का सफल उद्यम शुरू कर अपने जीवन को एक नई दिशा दी है। श्रीमती पूजा ने कुल ₹2,00,000 की लागत से अपने इस व्यवसाय की शुरुआत की है। इस उद्यम की स्थापना के लिए उन्हें रीप परियोजना की तरफ से ₹30,000 का विशेष सहयोग अनुदान प्राप्त हुआ, जबकि ₹1,50,000 की धनराशि बैंक ऋण के माध्यम से उपलब्ध कराई गई। व्यवसाय में शेष ₹20,000 की राशि उन्होंने स्वयं के अंशदान के रूप में लगाई है।
वर्तमान में श्रीमती पूजा अपने इस उद्योग के जरिए स्थानीय लोगों को शुद्ध आटा और गुणवत्तापूर्ण पिसे मसाले तैयार कर बाजार में आपूर्ति कर रही हैं। गुणवत्ता और शुद्धता के कारण उनके उत्पादों की स्थानीय बाजार में अच्छी मांग है, जिससे उन्हें हर महीने लगभग ₹20,000 तक की सम्मानजनक आमदनी हो रही है। रीप परियोजना के इस संबल ने न केवल उनके परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया है, बल्कि क्षेत्र की अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया है।

