चम्पावत, 26 अगस्त 2026
*रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’ की तैयारियां तेज*
*मा.मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा*
रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर धूरा (चौड़ाकोट) में प्रस्तावित ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’ को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण बनाने के लिए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने हेलीपैड, सेफ हाउस, सुरक्षा, पार्किंग, मंच, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, शौचालय, यातायात एवं बैरिकेडिंग सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं आमजन के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रवेश-निकास, पार्किंग, यातायात एवं जनसुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय एवं तत्परता के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल एवं गरिमापूर्ण बनाने में जुटें।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने तथा सभी व्यवस्थाओं की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव’ मातृशक्ति के सम्मान, सहभागिता और सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण अवसर है, जिसे बेहतर व्यवस्थाओं के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान दर्जा प्राप्त मंत्री श्री मनोज कालाकोटी, दर्जा प्राप्त मंत्री श्रीमती हेमा जोशी, जिलाध्यक्ष महिला युवा मोर्चा श्रीमती दीपा जोशी, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि श्री सुन्दर सिंह बोहरा, एसडीएम श्री प्रमोद कुमार, अधिशासी अभियंता श्री मोहन चन्द्र पलड़िया सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

