चम्पावत 19 नवंबर 2026,
*चम्पावत में सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारम्भिक परीक्षा-2026 हेतु परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू*
उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार द्वारा आगामी दिनांक 29 नवम्बर 2026 (रविवार) को “उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारम्भिक परीक्षा-2026” का आयोजन निर्धारित किया गया है।
यह परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रथम सत्र पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 12:00 बजे तक तथा द्वितीय सत्र अपराह्न 02:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक सम्पन्न होगा।
परीक्षा के निर्विघ्न, पारदर्शी एवं शान्तिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने तथा संभावित उपद्रव अथवा शान्ति भंग की आशंका को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी महोदय, चम्पावत के निर्देशानुसार परगना मजिस्ट्रेट चम्पावत, विपिन चन्द्र पन्त द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के अन्तर्गत निषेधाज्ञा एवं प्रतिबन्धात्मक आदेश जारी किए गए हैं।
यह व्यवस्था परगना चम्पावत अन्तर्गत निर्धारित परीक्षा केन्द्रों—पीएम श्री राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज (नियर जिला पंचायत चम्पावत), पीएम श्री अटल उत्कृष्ट शहीद राहुल रैंसवाल राजकीय इण्टर कॉलेज (चम्पावत, वार्ड कनलगांव) तथा विवेकानन्द विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज (जूप, चम्पावत)—के 200 मीटर के दायरे में प्रभावी रहेगी।
जारी प्रतिबन्धात्मक आदेश के अनुसार सम्बन्धित परीक्षा केन्द्रों के क्षेत्र में शान्ति व्यवस्था भंग करने के उद्देश्य से 05 या उससे अधिक व्यक्तियों के समूह एकत्रित नहीं हो सकेंगे। इसके अतिरिक्त परीक्षा केन्द्रों के आसपास लाउडस्पीकर, ढोल-नगाड़े अथवा अन्य वाद्य यन्त्रों के प्रयोग पर भी रोक लागू की गई है।
प्रशासन ने नागरिकों एवं अभ्यर्थियों से परीक्षा के दौरान कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपील की है।

