*जिलाधिकारी ने किया महिला विकास संकुल संघ की फूड वैन का शुभारम्भ* *महिला स्वरोजगार को प्रोत्साहन देने की पहल, उद्यम संचालन से बढ़ेंगे आजीविका के अवसर*

चम्पावत, 05 नवंबर 2026,

*जिलाधिकारी ने किया महिला विकास संकुल संघ की फूड वैन का शुभारम्भ*

*महिला स्वरोजगार को प्रोत्साहन देने की पहल, उद्यम संचालन से बढ़ेंगे आजीविका के अवसर*

*ग्रामोत्थान–रीप परियोजना के सहयोग से स्थापित फूड वैन का संचालन करेंगी संकुल संघ की महिलाएं*

मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के प्रयासों के क्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने महिला विकास संकुल संघ, खर्ककार्की की फूड वैन का फीता काटकर शुभारम्भ किया। विकासखंड चम्पावत में ग्रामोत्थान–रीप परियोजना के सहयोग से स्थापित यह उद्यम महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा उनकी आय बढ़ाने की दिशा में एक पहल है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने महिला विकास संकुल संघ के प्रयासों की सराहना करते हुए उद्यम के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने फूड वैन की स्थापना को महिलाओं की आजीविका एवं आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में सराहनीय प्रयास बताया। इस उद्यम के माध्यम से संघ से जुड़ी महिलाओं को सामूहिक रूप से व्यवसाय संचालित करने तथा अपने कौशल को आय के अवसरों से जोड़ने का माध्यम मिलेगा।

उद्यम स्थापना गतिविधि के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025–26 में स्थापित इस फूड वैन की कुल लागत 10 लाख रुपये है। इसमें रीप परियोजना से 6 लाख रुपये का सहयोग, महिला विकास संकुल संघ का एक लाख रुपये का अंशदान तथा तीन लाख रुपये का बैंक ऋण शामिल है। परियोजना के सहयोग और संघ की भागीदारी से स्थापित यह उद्यम महिलाओं को व्यवसाय संचालन का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने में भी सहायक होगा।

फूड वैन के माध्यम से खाद्य सामग्री की बिक्री कर महिलाओं के लिए नियमित आय के अवसर विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। सामूहिक उद्यम के संचालन से महिलाओं को ग्राहक सेवा, विपणन और वित्तीय प्रबंधन जैसे कार्यों का अनुभव भी मिल सकेगा, जिससे उनकी उद्यमशीलता को बढ़ावा मिलेगा।

इस दौरान महिला विकास संकुल संघ, खर्ककार्की की ओर से श्रीमती सुनीता सेठी ने महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए मा. मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मा. विधायक प्रतिनिधि श्री प्रकाश तिवारी, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती अंचला बोहरा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री कैलाश अधिकारी, पूर्व सभासद श्री मोहन भट्ट, अपर परियोजना निदेशक सुश्री विम्मी जोशी, छात्रसंघ अध्यक्ष श्री भानु तड़ागी, रीप के जिला परियोजना प्रबंधक श्री ममराज चौहान, सहायक प्रबंधक श्री सुनील कुमार, सहायक प्रबंधक श्री प्रकाश पाठक तथा श्री सचिन चखवान सहित अन्य उपस्थित रहे।