चम्पावत, 21 नवंबर 2026,
*जिलाधिकारी ने देवीपुरा में फूड वैन का लिया जायजा, लाभार्थी से जाना स्वरोजगार का अनुभव*
*ग्रामोत्थान परियोजना के सहयोग से माँ वैष्णो देवी स्वयं सहायता समूह ने शुरू किया फूड वैन का कारोबार*
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ के विजन के अनुरूप ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने चम्पावत विकासखंड के देवीपुरा के पास संचालित फूड वैन का जायजा लिया। उन्होंने लाभार्थी से बातचीत कर फूडवैन के संचालन की जानकारी ली और जाना कि इस कारोबार से उन्हें क्या लाभ मिल रहा है।
फूड वैन का संचालन माँ वैष्णो देवी स्वयं सहायता समूह द्वारा किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025–26 में ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) के तहत उद्यम स्थापना गतिविधि के अंतर्गत इस कारोबार को शुरू करने में सहयोग दिया गया। फूड वैन की कुल लागत दस लाख रुपये है, जिसमें छह लाख रुपये परियोजना का सहयोग, एक लाख रुपये समूह का अंशदान और तीन लाख रुपये बैंक ऋण के रूप में शामिल हैं।
फूड वैन के माध्यम से समूह की महिलाओं को अपना कारोबार चलाने और सीधे ग्राहकों तक पहुँचने का अवसर मिला है। यह पहल ग्रामीण महिलाओं के लिए आय का साधन विकसित करने और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक कदम है।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, तहसीलदार पिंकी आर्या, अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



