चम्पावत, 20 नवंबर 2026,
*जिला चिकित्सालय चम्पावत में 27 से 29 नवंबर तक मुख्यमंत्री निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर*
*हृदय, किडनी, तंत्रिका तंत्र तथा हड्डी एवं जोड़ रोगों के विशेषज्ञ देंगे निःशुल्क परामर्श*
*रक्तचाप, ब्लड शुगर और ईसीजी सहित कई जांचों की मिलेगी सुविधा, दवाएं भी निःशुल्क वितरित होंगी*
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ के विजन के अनुरूप जनपद में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के क्रम में जिला चिकित्सालय, चम्पावत में 27, 28 और 29 नवंबर 2026 को तीन दिवसीय मुख्यमंत्री निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। कनिष्क सर्जिकल एवं सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, देहरादून द्वारा अपोलो हॉस्पिटल्स के सहयोग से आयोजित यह शिविर तीनों दिन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा।
शिविर में हृदय रोग, किडनी रोग, तंत्रिका तंत्र संबंधी रोग (न्यूरोलॉजी) तथा हड्डी एवं जोड़ रोगों के विशेषज्ञ उपलब्ध रहेंगे। सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के लिए जनरल फिजिशियन भी परामर्श देंगे। इससे जिला मुख्यालय और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर अलग-अलग विशेषज्ञों से परामर्श लेने की सुविधा मिलेगी।
शिविर में निःशुल्क परामर्श के साथ रक्तचाप और रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) की जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा ईसीजी, फेफड़ों की कार्यक्षमता की जांच (पीएफटी) और हड्डियों के घनत्व की जांच (बीएमडी) भी निःशुल्क की जाएगी। शिविर में दवाओं का वितरण भी निःशुल्क होगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉ देवेश चौहान की ओर से जनपदवासियों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की गई है। शिविर में आने वाले लोग अपने पुराने चिकित्सकीय पर्चे और जांच रिपोर्ट साथ लाएं, ताकि चिकित्सक पहले की जांचों और उपचार को ध्यान में रखते हुए परामर्श दे सकें। शिविर से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9410-550-980 पर संपर्क किया जा सकता है।

