*रबी की फसल हेतु पीएम फसल बीमा योजना की जानकारी 2,000 किसानों तक पहुँचाने का लक्ष्य*
*चारों विकासखंडों में उद्यान विभाग और बीमा कंपनी की टीमें किसानों को बताएंगी आवेदन प्रक्रिया*
*चम्पावत, 27 नवंबर 2026,
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की किसान हितैषी प्राथमिकताओं के अनुरूप और जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में जनपद चम्पावत में रबी फसल बीमा योजना की जानकारी 2,000 किसानों तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला उद्यान अधिकारी श्री योगेश भट्ट ने एसबीआई जनरल इंश्योरेंस के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की । बैठक में योजना का प्रचार-प्रसार बढ़ाने और पात्र किसानों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देने पर चर्चा हुई। इस दौरान चारों विकासखंडों के प्रतिनिधि और बीमा कंपनी के कुमाऊँ क्लस्टर प्रमुख श्री विकास शर्मा उपस्थित रहे।
पिछले रबी मौसम में फसल बीमा के लिए 100 से कम आवेदन प्राप्त हुए थे। इस बार उद्यान विभाग और बीमा कंपनी की टीमें मिलकर किसानों को योजना में शामिल फसलों, पात्रता, प्रीमियम और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देंगी। किसानों से संपर्क के लिए उद्यान विभाग अपनी योजनाओं से लाभान्वित किसानों की सूची बीमा टीम के साथ साझा करेगा। अभियान की दैनिक प्रगति की समीक्षा के लिए निगरानी व्यवस्था बनाई जाएगी। प्रत्येक विकासखंड में उपलब्ध स्वचालित मौसम केंद्रों से स्थानीय मौसम की जानकारी किसानों तक पहुँचाने में भी मदद मिलेगी।
फसल बीमा संबंधी पत्रक के अनुसार, पाँच वर्ष से अधिक आयु के सेब के लिए बीमित राशि 1,500 रुपये और किसान का प्रीमियम अंश 75 रुपये प्रति पेड़ है। तीन वर्ष से अधिक आयु के सघन सेब के लिए बीमित राशि 1,000 रुपये और प्रीमियम अंश 50 रुपये प्रति पेड़ है। आम, लीची, आड़ू और नींबू वर्गीय फलों में फसल के अनुसार पाँच वर्ष से अधिक आयु के पात्र पेड़ों तथा तीन वर्ष से अधिक आयु की कीवी के लिए बीमित राशि 750 रुपये और प्रीमियम अंश 37 रुपये 50 पैसे प्रति पेड़ है। मटर, आलू और टमाटर के लिए बीमित राशि 75,000 रुपये और किसान का प्रीमियम अंश 3,750 रुपये प्रति हेक्टेयर है।
किसानों से अपील है कि आवेदन से पहले चालू रबी मौसम की अधिसूचना के अनुसार अपने क्षेत्र में बीमा के लिए शामिल फसलों, पात्रता, बीमित राशि, देय प्रीमियम और आवेदन की अंतिम तिथि की पुष्टि नजदीकी कृषि या उद्यान विभाग कार्यालय, बैंक शाखा अथवा कॉमन सर्विस सेंटर से कर लें।
*रबी मौसम में फसल बीमा योजना की जानकारी और आवेदन में सहायता के लिए किसान एसबीआई जनरल इंश्योरेंस की टीम के इन प्रतिनिधियों से संपर्क कर सकते हैं।*
– प्रमोद — 7535989686
– प्रेम बल्लभ — 7500128472
– विकास मेहता —9897139464

