चम्पावत, 17 जून 2026
*अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत बनबसा में चला वृहद स्वच्छता अभियान*
*श्रम दान कर एकत्रित किया गया लगभग एक टन कचरा, स्वच्छता का दिया गया संदेश*
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आगामी 21 जून 2026 को बनबसा स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होने वाले इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दृष्टिगत जिलाधिकारी चम्पावत श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में बुधवार को नगर पंचायत बनबसा द्वारा मिनी स्टेडियम एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।
स्वच्छता अभियान में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया। अभियान के दौरान मिनी स्टेडियम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग एक टन कचरा एकत्रित कर उसका वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निस्तारण किया गया। साथ ही पूरे परिसर को स्वच्छ एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया।
अभियान के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जगत सिंह खाती, उपजिलाधिकारी पूर्णागिरि/टनकपुर श्री प्रमोद कुमार तथा तहसीलदार सुश्री पिंकी आर्या ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अभियान का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि श्री संजय जोशी, विधायक प्रतिनिधि बनबसा श्री दीपक रजवार, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सरोज चन्द, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष श्री कमलेश भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर नगरीय पर्यावरण संरक्षण परिषद उत्तराखण्ड की उपाध्यक्ष श्रीमती हरिप्रिया जोशी तथा उत्तराखण्ड अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष श्री मनोज कालाकोटी भी उपस्थित रहे।
स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में नगर पंचायत बनबसा की अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवी, अधिशासी अधिकारी श्री दीपक चन्द्र बुढलाकोटी, सभासद श्री मोहन सिंह एवं स्वच्छता ब्रांड एम्बेसेडर कैप्टन भानी चन्द का विशेष योगदान रहा। इसके अतिरिक्त तहसील पूर्णागिरि/टनकपुर के राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, नगर पालिका परिषद टनकपुर की टीम, एसएसबी बनबसा के जवान, राजकीय महाविद्यालय बनबसा के प्राचार्य एवं स्टाफ, नगर पंचायत के पर्यावरण मित्रों तथा स्थानीय नागरिकों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के समापन पर नगरीय पर्यावरण संरक्षण परिषद की उपाध्यक्ष श्रीमती हरिप्रिया जोशी ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज और सफल योग संस्कृति की आधारशिला है।
स्वच्छता एवं जनसहभागिता से परिपूर्ण यह अभियान आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल एवं भव्य आयोजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।



