चंपावत 23 जून 2025,
*”योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे – जिलाधिकारी ने दिए अधिकारियों को सख्त निर्देश”*
जिलाधिकारी चम्पावत श्री मनीष कुमार ने जनपद के समस्त विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट एवं कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेष रूप से अंतिम छोर के व्यक्ति तक विकास के लाभ पहुंचाना है। इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शासन ने प्रत्येक स्तर पर प्रशासनिक ढांचा तैयार किया है, लेकिन इसके बावजूद कई बार आमजन को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक प्रशासनिक जटिलताओं का सामना करना पड़ता है, जो बेहद चिंताजनक है।
*जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा –*
*”हमारी भूमिका सिर्फ योजनाओं को संचालित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित करना हमारी ज़िम्मेदारी है कि अंतिम व्यक्ति तक उसका लाभ सरलता, सम्मान और संवेदनशीलता के साथ पहुंचे। यदि कोई व्यक्ति अपने अधिकार से वंचित रह जाता है तो यह हमारी व्यवस्था की विफलता मानी जाएगी, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।*”
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की छवि जनता के साथ हमारे व्यवहार और काम की पारदर्शिता से बनती है। यदि योजनाएं कागजों तक सीमित रह जाएं और ज़मीनी स्तर पर लोग परेशान हों, तो यह शासन की मंशा के विरुद्ध होगा।
*जिलाधिकारी ने सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित करें कि कोई भी व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और उसे किसी भी प्रकार की प्रशासनिक बाधा का सामना न करना पड़े*।
उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि “यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही, उपेक्षा या शिथिलता पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।”

