*जिलाधिकारी ने की एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा, किसान पंजीकरण में तेजी लाने के दिए निर्देश*

*जिलाधिकारी ने की एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा, किसान पंजीकरण में तेजी लाने के दिए निर्देश*

*जिलाधिकारी ने बेहतर कार्य करने वाले रजिस्ट्रेशन अधिकारियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों की सराहना*

*फार्मर आईडी से भूमि अभिलेखों का सत्यापन होगा आसान, पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मिलेगी मदद*

*चम्पावत, 24 नवंबर 2026, सूवि।*

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में चम्पावत जनपद में एग्रीस्टैक के तहत किसान पंजीकरण और फार्मर आईडी बनाने के प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी और सहायक निबंधक सहकारिता सहित संबंधित अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के रजिस्ट्रेशन अधिकारियों को आपसी समन्वय से पंजीकरण में तेजी लाने और लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बेहतर कार्य करने वाले रजिस्ट्रेशन अधिकारियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों की सराहना की। उन्होंने धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित रजिस्ट्रेशन अधिकारियों और ऑपरेटरों को पंजीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्य कृषि अधिकारी डी. कुमार ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के तहत कृषि विभाग के रजिस्ट्रेशन अधिकारियों की प्रगति 66.59 प्रतिशत, पंचायती राज विभाग के रजिस्ट्रेशन अधिकारियों की 68.58 प्रतिशत, पशुपालन विभाग के रजिस्ट्रेशन अधिकारियों की 73.64 प्रतिशत, रीप के रजिस्ट्रेशन अधिकारियों की 63.64 प्रतिशत, सहकारिता विभाग की ओर से तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों की 74.12 प्रतिशत, उद्यान विभाग के रजिस्ट्रेशन अधिकारियों की 75.65 प्रतिशत और ग्राम्य विकास विभाग के रजिस्ट्रेशन अधिकारियों की प्रगति 72.83 प्रतिशत रही।

जिलाधिकारी ने कहा भारत सरकार के डिजिटल कृषि मिशन के तहत एग्रीस्टैक में किसानों के डिजिटल अभिलेख तैयार किए जा रहे हैं। पंजीकरण के बाद किसान को ‘फार्मर आईडी’ के रूप में एक विशिष्ट डिजिटल पहचान मिलती है, जिसे खसरा-खतौनी जैसे भूमि अभिलेखों से जोड़ा जाता है। एग्रीस्टैक के तहत बोई गई फसलों का विवरण भी डिजिटल रूप में दर्ज किया जाता है। इससे किसान की पहचान, भूमि अभिलेखों और फसल संबंधी जानकारी के सत्यापन में सुविधा होगी।

उन्होंने बताया डिजिटल अभिलेखों से पीएम-किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं एवं सेवाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया सरल बनाने में मदद मिलेगी। किसानों को बार-बार दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता कम होगी और पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सुविधा होगी।

मुख्य कृषि अधिकारी ने बताया कि किसान उत्तराखण्ड फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर और भूमि के खसरा-खतौनी का विवरण तैयार रखें। पंजीकरण में सहायता के लिए किसान कृषि विभाग से संपर्क कर सकते हैं।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी धिनो पुरुषोत्तम, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, उप जिलाधिकारी बी.सी. पंत, मुख्य कृषि अधिकारी डी. कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी वसुंधरा गर्ब्याल, सहायक निबंधक सहकारिता डी.एस. नपलच्याल, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डी.के. तिवारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी जसवंत सिंह तथा जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (एनआईसी) ध्रुव रावत सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।