उच्च शिक्षा विभाग को मिले 10 नए प्रयोगशाला सहायक
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वितरित किए नियुक्ति पत्र
देहरादून, 27 जनवरी।
उच्च शिक्षा विभाग को विज्ञान वर्ग के विभिन्न विषयों में 10 नए प्रयोगशाला सहायक प्राप्त हुए हैं। राज्य लोक सेवा आयोग के माध्यम से प्रतीक्षा सूची से चयनित इन अभ्यर्थियों को उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास पर आयोजित कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर मंत्री डॉ. रावत ने सभी नव नियुक्त प्रयोगशाला सहायकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनसे विभागीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से राजकीय महाविद्यालयों में प्रायोगात्मक कक्षाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित होगा और छात्र-छात्राओं को प्रयोगशाला संबंधी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
चयनित अभ्यर्थियों में भौतिक विज्ञान में 1, जन्तु विज्ञान में 3, वनस्पति विज्ञान में 4 तथा भूगोल विषय में 2 अभ्यर्थी शामिल हैं। सभी को प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों के महाविद्यालयों में प्रथम तैनाती दी गई है। इससे न केवल उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि विद्यार्थियों के कौशल विकास और विषयगत समझ को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में विधायक जागेश्वर मोहन सिंह महरा, संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. ए.एस. उनियाल, अन्य विभागीय अधिकारी, नव नियुक्त प्रयोगशाला सहायक उपस्थित थे।

