भारी बारिश को देखते हुए अपर जिलाधिकारी का आपदा परिचालन केंद्र निरीक्षण* *मार्ग अवरोध एवं जलभराव पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

चंपावत, 31 अगस्त 2025

*भारी बारिश को देखते हुए अपर जिलाधिकारी का आपदा परिचालन केंद्र निरीक्षण*

*मार्ग अवरोध एवं जलभराव पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश*

जनपद में लगातार हो रही वर्षा के बीच अपर जिलाधिकारी श्री जयवर्धन शर्मा का जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र का किया निरीक्षण, मार्ग अवरोध एवं जलभराव की स्थिति का लिया जायजा।

मौसम विज्ञान विभाग द्वारा आगामी दिनों में जनपद में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना व्यक्त किए जाने के परिप्रेक्ष्य में अपर जिलाधिकारी महोदय ने रविवार को जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र (District Emergency Operation Center-DEOC) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सतर्कता और त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने DEOC से ही सीधे उपजिलाधिकारी टनकपुर एवं अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत बनबसा व अन्य से जलभराव, अवरुद्ध मार्गों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी पाटी तथा समस्त खंड विकास अधिकारियों से क्षेत्र में हो रही वर्षा और आपदा संबंधी सूचनाओं का अपडेट लिया।

उन्होंने अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड लोहाघाट को NH-09 स्वाला मार्ग को सुचारु करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिशासी अभियंता, पीएमजीएसवाई चंपावत एवं सहायक अभियंता एनपीसीसी चंपावत को वैकल्पिक मोटर मार्गों को हर हाल में सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित राजस्व उपनिरीक्षकों से संपर्क कर उनकी वर्तमान स्थिति और क्षेत्रीय परिस्थितियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि वर्षा से उत्पन्न किसी भी संभावित समस्या जैसे सड़क अवरोध या जलभराव की स्थिति में तत्काल रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने विशेष रूप से जोर दिया कि जनपद प्रशासन पूर्ण सतर्कता के साथ वर्षा से उत्पन्न किसी भी आपात स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए।

इस दौरान उपजिलाधिकारी श्री अलकेश नौड़ियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी श्री देवेंद्र पटवाल सहित अन्य उपस्थित रहे।