*मुख्यमंत्री घोषणा पर तेज़ी से अमल, पर्यावरण मित्रों हेतु लोहाघाट में आवास निर्माण को मिली रफ्तार

चम्पावत 14 मई 2026,

*मुख्यमंत्री घोषणा पर तेज़ी से अमल, पर्यावरण मित्रों हेतु लोहाघाट में आवास निर्माण को मिली रफ्तार*

माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में जिला प्रशासन चम्पावत निरंतर सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री घोषणा संख्या-287/2026 के अंतर्गत नगर पालिका लोहाघाट के पर्यावरण मित्रों एवं निकाय कर्मचारियों के लिए आधुनिक आवास निर्माण की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

शासन के शहरी विकास अनुभाग द्वारा इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं, जिसके बाद जिला प्रशासन ने परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है। इस पहल से नगर पालिका लोहाघाट के कर्मचारियों और उनके परिवारों को जल्द अच्छे आवास की सुविधा उपलब्ध होगी।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन शीघ्र तैयार कर शासन को प्रेषित किया जाए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।

उन्होंने उपजिलाधिकारी लोहाघाट एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका लोहाघाट को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी तकनीकी प्रक्रियाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि पर्यावरण मित्र शहरों की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।