चम्पावत 30 अक्टूबर 2026,
*जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत द्वारा “सुरक्षित बचपन अभियान” के अंतर्गत विशेष साप्ताहिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशों के अनुक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत द्वारा दिनांक 26.10.2026 से 31.10.2026 तक राष्ट्रीय स्तर पर “सुरक्षित बचपन अभियान” के अंतर्गत विशेष साप्ताहिक जागरूकता अभियान आयोजित किया जा रहा है।
इसी क्रम में, “सुरक्षित बचपन अभियान” के पंचम दिवस शुक्रवार को शहीद राहुल सिंह रैंसवाल अटल उत्कृष्ट राजकीय इण्टर कॉलेज, चम्पावत में एक विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान माननीय जिला जज द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया गया। उन्होंने बच्चों को अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन के उपयोग से दूर रहने की सलाह दी और किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से पूर्व उसकी सत्यता व विश्वसनीयता की भली-भांति जांच करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही, सोशल मीडिया एवं अन्य ऑनलाइन माध्यमों पर अपनी निजी जानकारी और व्यक्तिगत तस्वीरें अपलोड करने से बचने की सख्त हिदायत दी गई।
उन्होंने बच्चों को सचेत किया कि इंटरनेट का असावधानीपूर्वक उपयोग साइबर अपराध एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी का कारण बन सकता है, इसलिए सभी बच्चों को डिजिटल माध्यमों का उपयोग सतर्कता, समझदारी और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।
इसके अतिरिक्त, अन्य उपस्थित न्यायिक अधिकारियों द्वारा छात्र-छात्राओं को उनके मौलिक कानूनी अधिकारों और सुरक्षात्मक प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अंतर्गत लैंगिक अपराधों से बाल संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो अधिनियम, 2012), इंटरनेट व सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले ऑनलाइन शोषण, साइबर अपराधों तथा दुर्व्यवहार के प्रति जागरूक व सजग रहने के संबंध में बताया गया। बच्चों को इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार की स्थिति में बिना डरे शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और निःशुल्क विधिक सहायता की विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी भी प्रदान की गई।
इस कार्यक्रम में माननीय जिला जज / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत श्री अनुज कुमार संगल, सिविल जज (सी०डि०) श्री भवदीप रावते, सिविल जज (जू०डि०) श्रीमती रश्मि गोयल, समाज कल्याण विभाग, जिला बाल कल्याण समिति, जिला प्रोबेशन विभाग, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्यों, पुलिस प्रशासन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत के पी०एल०वी०गण की उपस्थिति रही।



