चंपावत 14 अगस्त 2025,
*टनकपुर-बनबसा में प्रशासन अलर्ट, शारदा नदी के किनारे बस्तियों में सतर्कता*
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जनपद के मैदानी इलाकों में शारदा नदी उफान पर है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी चंपावत श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार टनकपुर और बनबसा में प्रशासन पूर्ण रूप से अलर्ट मोड में है।
तहसील प्रशासन और नगर पालिका प्रशासन की टीमों द्वारा शारदा नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में निवास करने वाले लोगों को सतर्क किया जा रहा है। शारदा घाट पर भी एहतियातन लोगों को सूचना दी जा रही है और जोखिम वाले क्षेत्रों में ना जाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
आपदा की किसी भी स्थिति से त्वरित निपटान के लिए SDRF और NDRF की टीमें तैनात हैं, जो आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों से लैस होकर राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
उपजिलाधिकारी पूर्णागिरि (टनकपुर) श्री आकाश जोशी के नेतृत्व में, टनकपुर और बनबसा में वाहनों के माध्यम से लगातार घोषणाएँ की जा रही हैं, ताकि लोग सजग रहें और आवश्यक सावधानी बरतें।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, नदी के किनारों के पास न जाएं और सुरक्षित स्थानों पर रहें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।



