चम्पावत 20 अप्रैल, 2026
*जनपद चम्पावत में 09 मई को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, आपसी समझौते से होगा वादों का निस्तारण*
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत के तत्वाधान में आगामी 09 मई, 2026 को जनपद मुख्यालय तथा बाह्य न्यायालय, टनकपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रभारी अधिकारी जिला कार्यालय जाकिर हुसैन ने बताया कि लोक अदालत का आयोजन प्रातः 10:00 बजे से शुरू होगा। इस लोक अदालत के माध्यम से न्यायालयों में लंबित विभिन्न श्रेणियों के मामलों का निस्तारण आपसी सुलह और समझौते के आधार पर किया जाएगा।
इस विशेष विधिक अभियान के अंतर्गत लघु आपराधिक मामले, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, भरण-पोषण से संबंधित विवाद, बैंक वसूली, हिन्दू विवाह अधिनियम के मामले, एम०ए०सी०टी० वाद, डी०वी० एक्ट, विद्युत व पानी के बिल से जुड़े विवाद तथा धारा 138 एन०आई० एक्ट जैसे महत्वपूर्ण वादों को त्वरित निस्तारण के लिए शामिल किया गया है। जनपद के समस्त वादकारियों से अपील की है कि वे 09 मई को आयोजित होने वाली इस लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने लंबित वादों का समाधान करवाएं और सुलभ न्याय की इस प्रक्रिया का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

