चंपावत 04 सितंबर 2026,
*टीबी मुक्त उत्तराखंड संकल्प के तहत टीबी मरीजों को वितरित की जा रही निक्षय पोषण किट, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश*
भारत सरकार के ‘राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम’ (टीबी मुक्त भारत) और प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के ‘टीबी मुक्त उत्तराखंड’ के विजन को धरातल पर साकार करने के लिए चंपावत में स्वास्थ्य विभाग पूरी निष्ठा से प्रयासरत है। केंद्र व राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को एक प्रभावी जन-आंदोलन का रूप दिया जा रहा है।
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के ‘टीबी मुक्त उत्तराखंड’ के दृढ़ संकल्प तथा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में जनपद चम्पावत में निक्षय मित्र पहल एवं प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अत्यंत जरूरतमंद निक्षय (टीबी) रोगियों को निक्षय पोषण किट प्रदान की जा रही है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य टीबी रोग से ग्रसित मरीजों को इलाज के साथ-साथ समुचित पोषण सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि वे शीघ्र अति शीघ्र पूर्णतः स्वस्थ होकर सामान्य जीवन व्यतीत कर सकें।
पोषण किट वितरण के दौरान अधिकारियों द्वारा मरीजों को नियमित दवाइयों के सेवन के साथ-साथ संतुलित खानपान के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया गया। टीबी रोग के पूर्ण उपचार में दवाइयों के साथ-साथ उच्च पौष्टिक आहार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, जिसको ध्यान में रखते हुए इस पोषण किट में प्रोटीन, विटामिन एवं आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य सामग्रियां सम्मिलित की गई हैं, जिससे मरीजों की प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) मजबूत हो सके।
राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन टीबी रोगियों के हर संभव सहयोग एवं जनपद को पूर्णतः टीबी मुक्त बनाने के लिए निरंतर कटिबद्ध है।

