*‘राह वीर अभियान’ के तहत सड़क दुर्घटना में घायलों की त्वरित सहायता करने वाले चम्पावत जनपद के नागरिक सम्मानित*
*सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की तत्काल मदद कर जीवन बचाने वाले राह वीरों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर किया गया सम्मानित, आमजन को मानवता एवं सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए किया प्रेरित*
चम्पावत, 28 नवंबर, 2026,
माननीय उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत द्वारा संचालित विशेष जागरूकता अभियान ‘राह वीर अभियान’ के अंतर्गत शनिवार को जिला न्यायालय चम्पावत के सभागार कक्ष में जनपद के नामित राह वीरों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सिविल जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से ऐसे नागरिकों का विवरण प्राप्त किया गया, जिन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की तत्काल सहायता कर उन्हें समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा अपने मानवीय प्रयासों से घायल व्यक्तियों को नया जीवन देने में योगदान दिया। ऐसे साहसी एवं संवेदनशील नागरिकों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र एवं अन्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राह वीर अभियान के के तहत बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर सहायता एवं चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण है। दुर्घटना के बाद शुरुआती समय में सहायता मिलने से घायल व्यक्ति की जान बचाने की संभावना बढ़ जाती है। सड़क दुर्घटना के समय घायल व्यक्ति की मदद करना न केवल मानवीय कर्तव्य है, बल्कि समाज के प्रति प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है।
इस अवसर पर आमजन को राह वीर अभियान के उद्देश्यों के प्रति जागरूक करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए आगे आने, मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देने तथा सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई।



