चम्पावत 18 मार्च 2026,
*जनपद चम्पावत में गैस आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़: मांग से अधिक उपलब्ध कराए जा रहे घरेलू सिलेंडर, उपभोक्ताओं को मिल रही बड़ी राहत*
जनपद चम्पावत में आमजन को सुगम एवं निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार प्रभावी प्रबंधन एवं सतत निगरानी के माध्यम से आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया की वर्तमान में जनपद में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को मांग के अनुरूप ही नहीं, बल्कि उससे अधिक स्तर पर सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सामान्य दिनों में जनपद चम्पावत में घरेलू गैस सिलेंडरों की औसत दैनिक खपत लगभग 1000 सिलेंडर रहती है, जबकि वर्तमान में आपूर्ति को बढ़ाकर प्रतिदिन औसतन 1500 से 1700 सिलेंडर तक किया जा रहा है।
यह वृद्धि प्रशासन की सक्रियता एवं बेहतर समन्वय का परिणाम है, जिससे गैस वितरण व्यवस्था अधिक सुचारु एवं प्रभावी बनी हुई है।
17 मार्च 2026 को जनपद चम्पावत में कुल 1942 घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया, जो कि सामान्य औसत खपत की तुलना में कहीं अधिक है।
इस बढ़ी हुई आपूर्ति से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक भी समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे आमजन को विशेष राहत प्राप्त हो रही है।
इसके अतिरिक्त, शासन द्वारा जारी नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के क्रम में टनकपुर स्थित गैस गोदाम में 17 मार्च को 24 वाणिज्यिक (कमर्शियल) गैस सिलेंडर भी प्राप्त हुए हैं। इससे जनपद में संचालित होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की गैस आवश्यकताओं की पूर्ति भी सुनिश्चित हो रही है, जिससे स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बल मिल रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जनपद के प्रत्येक क्षेत्र, विशेषकर पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में भी समयबद्ध एवं निर्बाध गैस आपूर्ति उपलब्ध हो।
जिलाधिकारी ने स्पस्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में किसी भी परिस्थिति में गैस की कमी न होने दी जाए तथा प्रत्येक उपभोक्ता तक समय पर गैस सिलेंडर पहुंचाकर उनकी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित की जाए।

