चम्पावत 01 अप्रैल 2026,
*क्षेत्र पंचायत पाटी की बैठक 8 अप्रैल को, विकास योजनाओं एवं विभागीय कार्यों पर होगी विस्तृत समीक्षा*
जनपद चम्पावत के विकास खंड पाटी में क्षेत्र पंचायत की महत्वपूर्ण बैठक आगामी 08 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। यह बैठक ब्लॉक मुख्यालय स्थित क्षेत्र पंचायत सभागार में प्रातः 11 बजे से माननीय ब्लॉक प्रमुख श्री शंकर सिंह अधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न होगी।
बैठक की तैयारियों के संबंध में जानकारी देते हुए खंड विकास अधिकारी मोनिका पाल ने बताया कि बैठक में क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बैठक में स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक चिकित्सा, पशुपालन एवं शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विद्युत विभाग, जल निगम, जल संस्थान, पेयजल निर्माण निगम तथा स्वजल के माध्यम से संचालित पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था एवं अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।
खंड विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से समय पर बैठक में प्रतिभाग करने की अपील की है, ताकि विकास कार्यों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा सके।

