*केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा ने किया स्वाला क्षेत्र का निरीक्षण, ऑल वेदर रोड के ट्रीटमेंट कार्यों का लिया जायजा*

चम्पावत 08 अगस्त, 2026

*केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा ने किया स्वाला क्षेत्र का निरीक्षण, ऑल वेदर रोड के ट्रीटमेंट कार्यों का लिया जायजा*

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा ने पिथौरागढ़-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित संवेदनशील स्वाला स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर वहां चल रहे पहाड़ी सुदृढ़ीकरण एवं ट्रीटमेंट कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीमों से कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त की।

केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा ने बताया कि कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वर्ष 2017 में ऑल वेदर रोड परियोजना का शुभारंभ किया गया था, जिससे टनकपुर से लेकर पिथौरागढ़, धारचूला, गुंजी और लिपुलेख तक आवागमन सुगम हुआ है। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान स्वाला जैसे डेंजर पॉइंट्स पर भूस्खलन व प्राकृतिक आपदा के कारण यातायात प्रभावित होता था। स्वाला में ऊपरी हिस्से के ट्रीटमेंट के लिए भारत सरकार द्वारा लगभग ₹17.85 करोड़ की स्वीकृति दी गई थी, जिसके तहत सुरक्षात्मक कार्य लगभग पूर्ण कर लिए गए हैं, जिससे इस बार बरसात में भी यातायात बाधित नहीं हुआ।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि स्वाला के निचले हिस्से के उपचार और सुरक्षा कार्यों हेतु करीब ₹8.25 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसका लगभग 85 से 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही ब्लैकटॉपिंग का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा क्वारब में ₹10 करोड़ की लागत से बाईपास सड़क और दो बैली ब्रिजों के निर्माण के साथ आवागमन को सुचारू रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री की सतत निगरानी में आपदा से प्रभावित इन संवेदनशील स्थलों पर प्रभावी कदम उठाए गए हैं, जिससे क्षेत्र के निवासियों और यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोविंद सिंह सामंत, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग श्री विभोर गुप्ता सहित अन्य उपस्थित रहे।