चम्पावत, 09 सितम्बर 2026,
*आदर्श चम्पावत@2030 की प्रगति की वर्चुअल समीक्षा, विकास कार्यों को समयबद्ध पूरा करने पर जोर*
*कृषि-बागवानी, सड़क, साइंस सेंटर सहित प्रमुख परियोजनाओं की हुई समीक्षा*
आदर्श चम्पावत 2030 के अंतर्गत जनपद में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं परियोजनाओं की प्रगति की सचिव मा. मुख्यमंत्री श्री शैलेश बगोली की अध्यक्षता में बुधवार को वर्चुअल माध्यम से समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा लोक निर्माण विभाग, कृषि, उद्यान सहित विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं उनकी वर्तमान प्रगति की विस्तृत जानकारी से अवगत कराया गया ।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में सड़क निर्माण एवं कनेक्टिविटी से जुड़े कार्यों को वन विभाग सहित संबंधित विभागों के समन्वय से तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। कृषि एवं बागवानी के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने की दिशा में भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन साइंस सेंटर की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि लगभग 55.52 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे साइंस सेंटर में फन साइंस, एग्रीकल्चर एंड साइंस तथा एस्ट्रोनॉमी गैलरी सहित आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। साइंस सेंटर का सिविल कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने की दिशा में कार्यवाही गतिमान है।
समीक्षा के दौरान सेंटर फॉर एरोमैटिक प्लांट्स (CAP) के माध्यम से सुगंधित एवं औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे कार्यों पर भी चर्चा हुई। सचिव मा. मुख्यमंत्री श्री शैलेश बगोली ने इस संबंध में अलग से बैठक आयोजित कर विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा करने के निर्देश दिए। उन्होंने दालचीनी उत्पादन को प्रोत्साहित करने, पौधशाला एवं सैटेलाइट सेंटर विकसित करने, किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री उपलब्ध कराने तथा दालचीनी तेल एवं पाउडर की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य मिल सके और स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ें।
सचिव महोदय ने कहा कि आदर्श चम्पावत 2030 की परिकल्पना के अनुरूप स्वीकृत एवं प्राथमिकता वाले विकास कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ धरातल पर उतारा जाए। उन्होंने जिलाधिकारी की नियमित मॉनिटरिंग में संबंधित विभागों को आवश्यक एवं प्राथमिकता वाले कार्यों में तेजी लाने तथा आपसी समन्वय से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान सीडीओ अजय सिंह,अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, अर्थ एवं संख्याधिकारी दीपकीर्ति तिवारी, एसडीओ वन प्रभाग सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी वर्चुअल उपस्थित रहें।

