*वन भूमि हस्तांतरण के लंबित प्रकरणों को लेकर जिलाधिकारी ने की विस्तृत समीक्षा* *जिलाधिकारी ने आपत्तियों का शीघ्र समाधान कर विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के दिए निर्देश*

चम्पावत, 10 सितम्बर 2026,

*वन भूमि हस्तांतरण के लंबित प्रकरणों को लेकर जिलाधिकारी ने की विस्तृत समीक्षा*

*जिलाधिकारी ने आपत्तियों का शीघ्र समाधान कर विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के दिए निर्देश*

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क, पेयजल, पार्किंग सहित विभिन्न विकास योजनाओं से जुड़े वन भूमि हस्तांतरण के प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि वन भूमि हस्तांतरण के कारण जनहित से जुड़े विकास कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। जिन प्रस्तावों में वन विभाग, नोडल कार्यालय, शासन अथवा भारत सरकार के स्तर से आपत्तियां लगाई गई हैं, संबंधित विभाग उनका शीघ्र समाधान कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिवेश पोर्टल पर लंबित कार्यवाही समय से पूरी की जाए और वन विभाग एवं संबंधित कार्यदायी विभाग आपसी समन्वय से प्रकरणों को आगे बढ़ाएं। किसी प्रस्ताव में कमी होने पर संबंधित विभाग को तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि उसका समय पर समाधान किया जा सके।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सड़क एवं पेयजल से जुड़ी योजनाओं के वन भूमि हस्तांतरण प्रकरणों को प्राथमिकता से के किये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक लंबित प्रकरण की नियमित निगरानी की जाए। प्रशासन का प्रयास है कि वन एवं पर्यावरण संबंधी सभी आवश्यक नियमों का पालन करते हुए विकास योजनाओं को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाया जाए।

बैठक में डीएफओ धिनो पुरुषोत्तमन, प्रा.सीडीओ अजय सिंह, एसडीओ सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी हितेश कांडपाल, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई बीसी नैनवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।