*मा. प्रधानमंत्री के जन्म दिवस पर सेवा संकल्प के तहत “आशीर्वाद के दिए कार्यक्रम” का शुभारम्भ, एक माह तक जनपदभर में होंगे सेवा और जनकल्याण के कार्यक्रम*

चम्पावत, 17 सितम्बर 2026,

*मा. प्रधानमंत्री के जन्म दिवस पर सेवा संकल्प के तहत “आशीर्वाद के दिए कार्यक्रम” का शुभारम्भ, एक माह तक जनपदभर में होंगे सेवा और जनकल्याण के कार्यक्रम*

*प्रगतिशील किसानों ने साझा किए सरकारी योजनाओं से मिले लाभ के अनुभव, जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक किसानों से योजनाओं से जुड़ने की अपील की*

*सेवा संकल्प के तहत सेवा, स्वच्छता, पोषण, नवाचार और सुशासन से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी*

मा.प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले एक माह के “सेवा संकल्प अभियान” के तहत आशीर्वाद के दिए कार्यक्रम का गुरुवार को जिला कार्यालय सभागार में शुभारम्भ हुआ। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार, दर्जा प्राप्त मंत्री श्री श्याम नारायण पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारम्भ किया। अभियान के तहत जनपदभर में सेवा, स्वच्छता, जनसहभागिता, पोषण, नवाचार एवं जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रगतिशील किसानों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए। प्रगतिशील मत्स्य पालक श्री प्रकाश कुमार ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से मिले लाभ की जानकारी दी। वहीं श्री कैलाश सिंह ने बताया कि वे पहले निजी क्षेत्र में नौकरी करते थे, लेकिन बकरी पालन, गो-पालन एवं सब्जी उत्पादन से जुड़ी सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आज स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं। उन्होंने इसके लिए मा. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मा.मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

प्रगतिशील किसान श्री बलदेव जोशी एवं श्री कैलाश गिरी ने बताया कि सरकारी योजनाओं के माध्यम से तारबाड़, मधुमक्खी पालन एवं मशरूम उत्पादन का लाभ लेकर वे अपनी आजीविका को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार एवं संबंधित विभागों की ओर से उपलब्ध कराया जा रहा प्रशिक्षण किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने में काफी लाभकारी सिद्ध हो रहा है। प्रगतिशील किसान श्री अमित खर्कवाल ने भी केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से मिले लाभ के लिए मा. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मा.मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने प्रगतिशील किसानों को प्रोत्साहित करते हुए जनपद के अधिक से अधिक किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ की दिशा में लगभग 10 से 12 करोड़ रूपये से किसानों को लाभान्वित किए जाने की पहल की जा रही है। उन्होंने इस दिशा में मा.मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी एवं केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के स्तर से मिल रहे सहयोग का उल्लेख किया। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के लिए संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाया जाए।

सेवा संकल्प अभियान के क्रम में आज शाम 6:30 बजे गोल्ज्यू मंदिर, गोरलचौड़ चम्पावत में “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सेवा एवं जनकल्याण के संकल्प के साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे तथा जनसहभागिता के माध्यम से सेवा का संदेश दिया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत जनपद के प्रमुख धार्मिक, पर्यटन एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें शारदा घाट, मां पूर्णागिरि मंदिर, श्यामलाताल, टी-गार्डन, घटकू हिडिम्बा मंदिर, गोल्ज्यू मंदिर, डिप्तेश्वर मंदिर, माणेश्वर मंदिर, कोलीढेक झील, एबट माउंट, पंचेश्वर, देवीधुरा मंदिर एवं नागार्जुन पार्क सहित अन्य प्रमुख स्थल शामिल हैं।इसके साथ ही सभी ग्राम पंचायतो में सेवा संकल्प दिवस मनाया जायेगा।

एपीडी विम्मी जोशी ने अभियान के अंतर्गत एक माह तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि “आशीर्वाद का दीया”, “आंगन मिलन सेवा” के तहत बाल पोषण एवं मातृ-शिशु कल्याण कार्यक्रम, “मेरे सपनों का भारत”, “सेवा सेतु अभियान” के तहत बहुउद्देशीय शिविर, सफाई, वृक्षारोपण एवं शिक्षण से जुड़े सेवा कार्य, “सेवा फर्स्ट” के माध्यम से इनोवेशन, स्टार्टअप, रिसर्च एवं नवाचार को बढ़ावा, “सेवा ज्योति कलश यात्रा” तथा “सुशासन सेवा संवाद” सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” की भावना के अनुरूप सेवा संकल्प अभियान के दौरान जनपदभर में सेवा, स्वच्छता, जनसहभागिता एवं जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से आमजन की सहभागिता बढ़ाई जाएगी। अभियान का उद्देश्य सेवा एवं सामाजिक दायित्व की भावना को और अधिक सशक्त करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना है।

इस अवसर पर दर्जा प्राप्त मंत्री श्री श्याम नारायण पाण्डेय, दर्जा प्राप्त मंत्री श्री मती हेमा जोशी, दर्जा प्राप्त मंत्री श्री मती किरन जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोविन्द सामंत, ब्लॉक प्रमुख श्री मती अंचला बोहरा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री मती प्रेमा पाण्डेय, जिला कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष श्री निर्मल माहरा, रेडक्रॉस चेयरमैन श्री राजेंद्र गहतोड़ी, मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय सिंह, एपीडी सुश्री विम्मी जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।