चम्पावत, 25 सितम्बर 2026,
*सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से श्रमिक परिवारों को मिल रहा संबल, सिप्टी एवं नरियालगांव में 422 पंजीकृत निर्माण श्रमिक लाभान्वित*
*श्रमिकों के कल्याण को धरातल पर उतार रही सरकार, 722 शिक्षण किट सहित पोषण एवं स्वच्छता किट का हुआ वितरण*
*मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर श्रमिकों तक पहुंच रहीं कल्याणकारी योजनाएं*
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत जनपद चम्पावत में समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में मा. मुख्यमंत्री के निर्देशों एवं जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के आदेशों के क्रम में शुक्रवार को न्याय पंचायत सिप्टी के ग्राम सिप्टी एवं नरियालगांव में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में सामग्री वितरण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री श्री मुकेश महराना की उपस्थिति में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW) में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी सामग्री वितरित की गई। शिविर के माध्यम से कुल 422 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को लाभान्वित करते हुए उनके परिवारों के लिए 722 शिक्षण किट, 422 पोषण किट तथा 401 स्वच्छता किट का वितरण किया गया।
शिक्षण किट के वितरण से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध होने के साथ ही उनके परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक भार को कम करने में सहायता मिलेगी। वहीं पोषण एवं स्वच्छता किट श्रमिक परिवारों में बेहतर पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने में सहायक होंगी।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनपद में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिलाधिकारी द्वारा श्रम विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि पात्र व्यक्तियों एवं श्रमिक परिवारों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए तथा दूरस्थ क्षेत्रों में भी शिविरों के माध्यम से लाभार्थियों तक सुविधाएं पहुंचाई जाएं।
सिप्टी एवं नरियालगांव में आयोजित शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही, जहां बड़ी संख्या में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों को सीधे लाभान्वित किया गया। सामग्री प्राप्त करने वाले श्रमिकों ने सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा उनके कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की।

