चंपावत 16 अक्टूबर 2026,
*किसान कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध सरकार, अतिवृष्टि प्रभावित किसानों को सीधे बैंक खातों में दी राहत, कृषकों को मिला आर्थिक सहारा*
*अतिवृष्टि से प्रभावित 70 किसानों को ₹84,080 की राहत राशि वितरित*
*6.84 हेक्टेयर कृषि भूमि में फसलों को हुए नुकसान के सापेक्ष लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित की गई धनराशि*
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में प्रदेश सरकार प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित कृषकों को राहत प्रदान करने, उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उनकी आजीविका को सुरक्षित रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इसी क्रम में जनपद चम्पावत के लोहाघाट क्षेत्र में अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान से प्रभावित कृषकों को राहत प्रदान की गई है। इसके अंतर्गत कुल 70 कृषकों को ₹84,080 की राहत राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई है। अतिवृष्टि से प्रभावित कृषि क्षेत्रफल 6.84 हेक्टेयर दर्ज किया गया है।
मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार ने बताया कि जनपद में अतिवृष्टि के कारण किसानों की विभिन्न फसलों को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित कृषकों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवश्यक कार्यवाही करते हुए सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई है, ताकि उन्हें समयबद्ध तरीके से आर्थिक सहायता मिल सके और फसलों की क्षति से उत्पन्न आर्थिक कठिनाइयों को कम किया जा सके।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार कृषकों के हितों के संरक्षण, कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने तथा प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य है कि आपदा की परिस्थितियों में किसानों को समय पर राहत मिले, उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत बनी रहे तथा वे पुनः कृषि कार्यों को सुचारु रूप से आगे बढ़ा सकें।
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के कल्याण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने और कृषि क्षेत्र में स्थायित्व सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

