चम्पावत, 11 जून 2026
*मा.मुख्यमंत्री की प्राथमिकता को मिला बल, पूर्णागिरि धाम में वर्षभर स्वच्छता व्यवस्था हेतु ₹1.95 करोड़ से अधिक की स्वीकृति*
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किये जा रहें हैं । इसी क्रम में उत्तराखण्ड शासन द्वारा जनपद चम्पावत स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री पूर्णागिरि धाम मंदिर क्षेत्र में 365 दिनों तक नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था संचालित किए जाने हेतु ₹195.46 लाख की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रथम चरण के लिए ₹78 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह व्यवस्था सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन के माध्यम से संचालित की जाएगी, जिससे पूरे वर्ष मंदिर क्षेत्र एवं उससे जुड़े प्रमुख मार्गों में स्वच्छता व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बताया कि पूर्णागिरि धाम प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद प्रशासन द्वारा शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे थे, जिसके परिणामस्वरूप यह महत्वपूर्ण स्वीकृति प्राप्त हुई है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत मंदिर परिसर, पैदल यात्रा मार्ग, सार्वजनिक स्थलों, शौचालयों एवं अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नियमित सफाई, कूड़ा संग्रहण एवं अपशिष्ट प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इससे न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि धाम की स्वच्छ एवं दिव्य छवि को भी मजबूती मिलेगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्था को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यों का गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित करने तथा नियमित मॉनिटरिंग किए जाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि मा. मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जनपद चम्पावत के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के समग्र विकास, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। पूर्णागिरि धाम में वर्षभर स्वच्छता व्यवस्था लागू होने से श्रद्धालुओं को विशेष लाभ मिलेगा तथा धार्मिक पर्यटन को भी नई गति प्राप्त होगी।

