चम्पावत 19 मई 2026,
*मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार पूर्णागिरि धाम मार्ग होगा वर्षभर सुरक्षित व सुचारु, बाटनागाड़ में बन रहा 35 मीटर लंबा कॉजवे*
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की माँ पूर्णागिरि धाम को वर्ष के 12 माह सुचारु रूप से संचालित किए जाने की परिकल्पना को साकार करने हेतु जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है।
माँ पूर्णागिरि धाम यात्रा मार्ग स्थित ककराली गेट से मां पूर्णागिरि धाम तक श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुरक्षा एवं संरचनात्मक कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं।
मानसून अवधि में भारी वर्षा के कारण बाटनागाड़ नदी में अत्यधिक जलभराव होने से मार्ग अक्सर बाधित हो जाता था, जिससे श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार लोक निर्माण विभाग, चम्पावत द्वारा बाटनागाड़ क्षेत्र में 35 मीटर लंबा कॉजवे निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग एम.सी. पलाड़िया ने बताया कि बाटनागाड़ में निर्माणाधीन कॉजवे का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है तथा इसे इस माह के अंत तक पूर्ण कर लिए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होने बताया कि निर्माणाधीन कॉजवे की गहराई 12 मीटर तथा शीर्ष चौड़ाई 4.5 मीटर रखी गई है। लगभग 47 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे इस कॉजवे के साथ-साथ क्षेत्र में व्यापक स्तर पर रिवर चैनलाइजेशन का कार्य भी संपादित किया गया है, ताकि बरसात के दौरान नदी के जल प्रवाह को नियंत्रित एवं व्यवस्थित किया जा सके।
इसके अंतर्गत बाटनागाड़ से लगभग 700 मीटर ऊपर 400 मीटर क्षेत्र में रिवर चैनलाइजेशन कार्य पूर्ण किया जा चुका है। वहीं बाटनागाड़ के निचले हिस्से में भी बड़े-बड़े बोल्डरों एवं मलबे को हटाकर नदी के प्रवाह को सुव्यवस्थित करने का कार्य किया गया है।
चैनलाइजेशन का उद्देश्य बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को कम करना, मार्ग को सुरक्षित बनाए रखना तथा मां पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं को वर्षभर सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराना है।

