*आगामी मानसून को देखते हुए सेना के जवानों को दिया गया आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण*

चम्पावत, 04 जून 2026

*आगामी मानसून को देखते हुए सेना के जवानों को दिया गया आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण*

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में तथा अपर जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के दिशा-निर्देशों के क्रम में आगामी मानसून सत्र के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) चम्पावत द्वारा लगातार क्षमता संवर्धन कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में गुरुवार को 119 पैदल आर्मी ब्रिगेड, चम्पावत में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेना के अधिकारियों एवं जवानों सहित कुल 23 कार्मिकों ने प्रतिभाग किया।

प्रशिक्षण के दौरान आपदा प्रबंधन मास्टर ट्रेनर भरत गुसांई एवं सहायक प्रभारी डीडीएमए दीपक भट्ट द्वारा खोज एवं बचाव कार्यों में प्रयुक्त उपकरणों एवं सामग्रियों के संचालन, कार्यशीलता, रख-रखाव तथा आपदा के समय उनके प्रभावी उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रतिभागियों को विभिन्न खोज एवं बचाव उपकरणों के सुरक्षित संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

प्रशिक्षण में आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वित बचाव अभियान, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही मानसून अवधि में भूस्खलन, अतिवृष्टि, सड़क अवरोधन एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान 119 पैदल आर्मी ब्रिगेड के हवलदार श्री राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।