शुद्ध मतदाता सूची के लक्ष्य पर जोर, पुनरीक्षण-2026 पर चर्चा* *विशेष गहन पुनरीक्षण-2026: चम्पावत में राजनीतिक दलों के साथ समन्वय बैठक, पारदर्शी एवं शुद्ध मतदाता सूची पर जोर*

चम्पावत 26 अप्रैल 2026,

*शुद्ध मतदाता सूची के लक्ष्य पर जोर, पुनरीक्षण-2026 पर चर्चा*

*विशेष गहन पुनरीक्षण-2026: चम्पावत में राजनीतिक दलों के साथ समन्वय बैठक, पारदर्शी एवं शुद्ध मतदाता सूची पर जोर*

भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद चम्पावत में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आगामी पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों एवं मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी बनाने के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र सिंह अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2003 की मूल नामावली एवं वर्तमान मतदाता सूची के बीच BLO ऐप के माध्यम से की गई मैपिंग में जनपद ने 95.08 प्रतिशत की उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है।

उन्होंने बताया कि लोहाघाट एवं चम्पावत विधानसभा क्षेत्रों के कुल 344 मतदेय स्थलों पर मृत, अनुपस्थित एवं अन्यत्र स्थानांतरित (ASD) मतदाताओं की पहचान कर ली गई है, जिनकी संख्या 2,780 है।

इन सूचियों को सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराते हुए गहन परीक्षण एवं सत्यापन हेतु सहयोग का अनुरोध किया गया है, ताकि अपात्र नामों को सूची से हटाया जा सके।

पारदर्शिता को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निर्वाचन अधिकारी द्वारा राजनीतिक दलों को प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) नियुक्त करने की व्यवस्था से अवगत कराया गया। जनपद के सभी 344 बूथों पर BLA-2 की नियुक्ति पूर्ण कर ली गई है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ अवेयरनेस ग्रुप (BAG) का गठन भी किया गया है, जिसमें बीएलओ, ग्राम विकास अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।

बैठक में “Book-a-call with BLO” जैसी नवाचार पहल एवं विभिन्न आवेदन प्रारूपों की उपलब्धता के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई, जिससे मतदाता सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाया जा सके।

अपर जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि जनपद में एक निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में भारतीय जनता पार्टी से नन्दन सिंह तड़ागी, भानु प्रताप तड़ागी, नकुल सिंह एवं सौरव नयाल तथा कांग्रेस से दिग्विजय कार्की व अभिषेक गंगोला उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त डिप्टी कलेक्टर विपिन चन्द्र पन्त, कनिष्ठ सहायक विपिन सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।