चंपावत 20 अगस्त 2026,
*मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (MUY) के तहत चम्पावत में IEC वैन का फ्लैग ऑफ एवं ‘MUY चौपाल’ का आयोजन 21 अगस्त को*
राज्य सरकार की महात्वाकांक्षी योजना ‘मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना’ (MUY) के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्वरोजगार का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के उद्देश्य से आगामी 21 अगस्त 2026 को जनपद स्तर पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए परियोजना निदेशक श्री अजय सिंह ने बताया कि प्रातः 09:30 बजे राज्य स्तर पर मुख्य सेवा सदन, देहरादून से माननीय मुख्यमंत्री द्वारा योजना का शुभारंभ किया जाएगा, जिसके समानांतर जनपद चम्पावत स्थित विकास भवन सभागार में भव्य राज्य/जनपद स्तरीय कार्यक्रम, ‘MUY IEC वैन’ का फ्लैग ऑफ तथा ‘MUY चौपाल’ का आयोजन संपन्न होगा।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत आधुनिक एलईडी डिस्प्ले, ऑडियो-वीडियो प्रचार तंत्र एवं प्रचार सामग्री से सुसज्जित प्रचार वाहन (IEC Van) को मुख्य अतिथियों तथा जिलाधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
यह वैन 21 अगस्त से 27 अगस्त 2026 तक जनपद के विभिन्न विकासखंडों—चम्पावत, लोहाघाट, पाटी एवं बाराकोट के दूरस्थ गांवों, बाजारों तथा सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचेगी।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों तथा स्थानीय उद्यमियों को राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना, उन्हें नवीन उद्योगों की स्थापना हेतु प्रेरित करना और ऑन-द-स्पॉट उद्यमी पंजीकरण की सुविधा प्रदान करना है।
21 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले local उद्यमियों का सम्मान भी किया जाएगा। इसमें MUY, REAP एवं NRLM योजनाओं के तहत चुने गए 10 सर्वश्रेष्ठ उद्यमियों को उत्कृष्ट उद्यमी सम्मान से नवाजा जाएगा तथा वित्तीय सहायता हेतु चेक वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम स्थल पर स्वयं सहायता समूहों और युवाओं के लिए विशेष पंजीकरण डेस्क, उत्पाद एवं उद्यम प्रदर्शनी, रेखा विभागों के मार्गदर्शन सत्र तथा बैंकिंग व ऋण सुविधा सहायता डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे इच्छुक व्यक्ति एक ही छत के नीचे योजना से जुड़ी सभी जानकारियों व सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
*मुख्य संपर्क / हेल्पलाइन (Landline & Help Line Numbers):*
जिला उद्योग केंद्र / विकास भवन कंट्रोल रूम (चम्पावत): 05965-230222
जनपद हेल्पलाइन / सूचना केंद्र: 05965-230101

