*गोल्ज्यू कॉरिडोर परियोजना को मिली नई गति, जनसुविधाओं के विकास हेतु भूमि हस्तांतरण को स्वीकृति*

चम्पावत, जून 2026,

*गोल्ज्यू कॉरिडोर परियोजना को मिली नई गति, जनसुविधाओं के विकास हेतु भूमि हस्तांतरण को स्वीकृति*

मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं को लगातार गति प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में गोल्ज्यू कॉरिडोर के अंतर्गत जनसुविधाओं के विकास हेतु महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए ग्राम चम्पावत स्थित लोक निर्माण विभाग की भूमि को पर्यटन विभाग के पक्ष में हस्तांतरित किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखण्ड शासन के सामान्य प्रशासन विभाग एवं प्रमुख अभियन्ता, लोक निर्माण विभाग के पत्रों के क्रम में ग्राम चम्पावत की गैर ज०वि० खतौनी के खाता संख्या 1000 के खसरा संख्या 6732 से 6750 तथा खसरा संख्या 6779 के मध्य कुल 0.355 हेक्टेयर भूमि, जो वर्तमान में लोक निर्माण विभाग के स्वामित्व में है, को गोल्ज्यू कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत जनसुविधाओं के विकास हेतु पर्यटन विभाग को हस्तांतरित किए जाने की स्वीकृति प्राप्त हुई है।

उन्होंने बताया कि इस भूमि पर पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे चम्पावत के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व को और अधिक बढ़ावा मिलेगा। साथ ही क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था, स्थानीय रोजगार एवं पर्यटन गतिविधियों को भी नई दिशा मिलेगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि भूमि हस्तांतरण से संबंधित सभी कार्यवाही शासन द्वारा निर्धारित शर्तों एवं नियमों के अनुरूप की जाएगी। भूमि का उपयोग केवल गोल्ज्यू कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत जनसुविधाओं के विकास हेतु किया जाएगा तथा इसके प्रबंधन, रखरखाव एवं विकास की सम्पूर्ण जिम्मेदारी पर्यटन विभाग की होगी।

उन्होंने कहा कि मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में चम्पावत को एक आदर्श पर्यटन एवं सांस्कृतिक जनपद के रूप में विकसित करने के लिए प्रशासन निरंतर कार्य कर रहा है तथा गोल्ज्यू कॉरिडोर परियोजना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।