*04 मई से भव्य शुभारंभ: 10 दिनों तक सजेगा ‘गोल्ज्यू महोत्सव-2026’, संस्कृति और आस्था का अद्भुत संगम*

चम्पावत 03 मई 2026,

*04 मई से भव्य शुभारंभ: 10 दिनों तक सजेगा ‘गोल्ज्यू महोत्सव-2026’, संस्कृति और आस्था का अद्भुत संगम*

न्याय के देवता भगवान गोल्ज्यू की पावन भूमि चम्पावत में नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित ऐतिहासिक ‘गोल्ज्यू महोत्सव-2026’ का भव्य शुभारंभ कल 04 मई से गोरलचौड़ मैदान में होने जा रहा है। इस महोत्सव का विधिवत उद्घाटन प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।

13 मई तक चलने वाले इस 10 दिवसीय महोत्सव में धार्मिक आस्था, समृद्ध लोक संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं का अनुपम संगम देखने को मिलेगा। महोत्सव का शुभारंभ प्रथम दिवस प्रातःकाल भव्य कलश यात्रा के साथ होगा, जिसके उपरांत स्वागत-अभिनंदन समारोह एवं विद्यालयों व सांस्कृतिक दलों द्वारा आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

नगर पालिका परिषद चम्पावत की अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पाण्डेय एवं अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि 04, 05 एवं 06 मई को प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से ‘स्टार नाइट’ का भव्य आयोजन किया जाएगा।

वहीं 05 और 06 मई को सायं 4 बजे से स्थानीय कलाकारों एवं विद्यालयी बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष प्रस्तुतियां होंगी।

महोत्सव के दौरान 10 दिनों तक विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी, स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल, पारंपरिक हस्तशिल्प उत्पाद एवं उत्तराखंड के प्रसिद्ध स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहेंगे। यह आयोजन न केवल क्षेत्रीय संस्कृति के संरक्षण का माध्यम बनेगा, बल्कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

स्टार नाइट में सजेगा सुरों का महाकुंभ
महोत्सव की ‘स्टार नाइट’ श्रृंखला का शुभारंभ 04 मई को प्रसिद्ध लोक गायक दर्शन फर्स्वाण, गोविंद दिगारी एवं खुशी दिगारी की प्रस्तुतियों के साथ होगा, जो अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।

05 मई को उत्तराखंड की स्वर कोकिला माया उपाध्याय, लोकप्रिय गायक इंदर आर्य एवं नीरज चुफाल मंच की शोभा बढ़ाएंगे। इन कलाकारों की लोकप्रियता को देखते हुए भारी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है, जिसके लिए व्यापक सुरक्षा एवं बैठने की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

06 मई की सांस्कृतिक संध्या भी अत्यंत भव्य होगी, जिसमें श्वेता महारा, फौजी ललित मोहन जोशी, स्वामी भट्ट, सौरभ मैठानी एवं हरि जोशी जैसे ख्याति प्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समा बांधेंगे।

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पाण्डेय ने कहा कि यह महोत्सव हमारी समृद्ध लोक संस्कृति को सहेजने, संवारने और जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है।

नगर पालिका प्रशासन एवं समस्त वार्ड सभासदों ने जनपदवासियों एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव की शोभा बढ़ाएं तथा उत्तराखंड की लोक परंपराओं का आनंद लें।