*’मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत दूरस्थ क्षेत्र राजकीय इंटर कॉलेज मऊ में लगा बहुउद्देशीय शिविर*

चम्पावत, 15 जुलाई 2026,

*’मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत दूरस्थ क्षेत्र राजकीय इंटर कॉलेज मऊ में लगा बहुउद्देशीय शिविर*

*सेवा पखवाड़ा: दूरस्थ ग्राम मऊ पहुंची जन जन की सरकार, 74 शिकायतों/ आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई, 485 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ*

*जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकांश मामलों का मौके पर ही किया समाधान*

*महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एक लाभार्थी को प्रदान की गयी मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट*

मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित ‘सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत विकासखंड बाराकोट की ग्राम पंचायत मऊ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मऊ में जनसमस्या निवारण एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने की।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान मऊ श्रीमती तुलसी देवी ने जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
शिविर में दर्जा राज्य मंत्री श्री श्याम नारायण पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सीमा आर्या, पूर्व विधायक लोहाघाट पूरन फर्त्याल, प्रदेश मंत्री भाजपा श्री निर्मल सिंह माहरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य प्रशासन को गांव-गांव तक पहुंचाकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज मऊ की कक्षा 12 की छात्रा कुमारी ज्योति को गुलदार से अपने परिवार की रक्षा करने के साहसिक कार्य के लिए वीरता पुरस्कार प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

शिविर के दौरान ग्राम चमरौली की गंगा देवी ने आधार कार्ड नहीं बनने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र आधार कार्ड निर्गत कराने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत मऊ के कल्याण सिंह द्वारा पेंशन नहीं मिलने की समस्या उठाने पर समाज कल्याण विभाग को आवश्यक दस्तावेज शीघ्र पूर्ण कर पेंशन स्वीकृत कराने के निर्देश दिए गए।

वहीं दुर्गा अधिकारी ने आर्थिक सहायता की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ आवास, श्रम कार्ड, बीपीएल कार्ड एवं अन्य पात्र योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 74 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, श्रम कार्ड, स्वास्थ्य, सोलर लाइट, गौशाला निर्माण, घेरबाड़, पेयजल, विद्युत, सड़क, मंदिर सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े प्रकरण शामिल रहे। जिलाधिकारी ने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। वहीं आयुष एवं होम्योपैथिक विभाग द्वारा भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों को निशुल्क परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा ग्राम पंचायत मऊ की पात्र लाभार्थी दीपा देवी को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गई।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 485 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। ग्राम्य विकास, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, उद्यान, मत्स्य, आयुष, पूर्ति, पशुपालन, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी, प्रमाण-पत्रों का निर्गमन, खाता-खतौनी संबंधी सेवाएं एवं अन्य जनोपयोगी सुविधाएं मौके पर उपलब्ध कराई गईं।

मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार ने किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ उठाने तथा जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है, उन्हें शीघ्र बनवाने की अपील की।

शिविर के दौरान ग्राम पंचायत पुनियाल के चन्दन सिंह सामंत ने मऊ से गंगाली तक सड़क सुधार एवं डामरीकरण, सोलर लाइट, पेयजल व्यवस्था तथा फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसी प्रकार दीपक सिंह बिष्ट ने क्षतिग्रस्त जनता मिलन केंद्र के सुधारीकरण तथा केशवी देवी ने राजकीय विद्यालय में फर्श, खिड़की एवं दरवाजों की मरम्मत की मांग रखी, जिस पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सीमा आर्या ने सेवा पखवाड़ा अभियान की सराहना करते हुए मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से विभिन्न विभागीय स्टॉलों के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

दर्जा राज्य मंत्री श्री श्याम नारायण पाण्डेय ने कहा कि मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित सेवा पखवाड़ा अभियान के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करा रहा है। इससे आमजन को अपने क्षेत्र में ही विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ सहजता से प्राप्त हो रहा है।

कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य श्री सतीश पाण्डेय, प्रदेश मंत्री भाजपा श्री निर्मल सिंह माहरा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ जीएस खाती, उपजिलाधिकारी श्रीमती नीतू डांगर, मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।