*चम्पावत में विश्व युवा कौशल दिवस पर विशेष विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*

चंपावत 15 जुलाई 2026,

*चम्पावत में विश्व युवा कौशल दिवस पर विशेष विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*

माननीय जिला जज एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत श्री अनुज कुमार संगल के निर्देशानुसार बुधवार को विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर एक विशेष विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री भवदीप रावते की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आर०सी०टी०), चम्पावत में आयोजित हुआ।
इस कार्यक्रम के सफल संचालन में आर०सी०टी० के निदेशक श्री प्रांशु मैठानी का विशेष सहयोग रहा, जबकि कार्यक्रम का संचालन श्री प्रकाश चन्द्र जोशी द्वारा किया गया।
जागरूकता अभियान में चम्पावत तहसील के पराविधिक स्वयंसेवकों (पी०एल०वी०) ने भी प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के दौरान सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री भवदीप रावते ने उपस्थित युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज का युवा वर्ग ही देश का भविष्य है। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जहां एक ओर तकनीकी और व्यावहारिक कौशल का होना अत्यंत आवश्यक है, वहीं दूसरी ओर बुनियादी कानूनी अधिकारों की जानकारी होना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की।

आयोजन के दौरान उपस्थित पी०एल०वी० सदस्यों ने भी अपने-अपने स्तर से स्थानीय लोगों को विभिन्न कानूनी और विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत की ओर से उपस्थित लोगों को जागरूक करने और कानूनी जानकारियां साझा करने के उद्देश्य से विभिन्न सूचनाप्रद पैम्फलेट्स भी वितरित किए गए।