लोहाघाट टैक्सी संचालन विवाद मामला: जिलाधिकारी ने दिए सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई के निर्देश, कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं*

*चम्पावत 12 जून, 2026

*लोहाघाट टैक्सी संचालन विवाद मामला: जिलाधिकारी ने दिए सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई के निर्देश, कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं*

जनपद के लोहाघाट क्षेत्र में टैक्सी चालकों के मध्य आपसी विवाद एवं अभद्रता का एक गंभीर मामला संज्ञान में आने के उपरांत, स्थानीय प्रशासन और पुलिस तंत्र पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इस अप्रिय घटना के संदर्भ में आज विभिन्न जागरूक नागरिकों एवं पीड़ित पक्ष के प्रतिनिधियों द्वारा कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार को एक ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और दोषियों के विरुद्ध अविलंब दंडात्मक कार्यवाही करने की मांग की गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्रशासन द्वारा अराजकता या सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी ।

जिलाधिकारी ने कहा साक्ष्यों व वीडियो के आधार पर संबंधित आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में निहित सभी तथ्यों की निष्पक्षता से जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक एवं कठोरतम विधिक व प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन को संयुक्त रूप से निर्देशित किया है कि जनपद के विभिन्न रूटों, विशेषकर दिल्ली तथा देहरादून मार्ग पर संचालित होने वाले व्यावसायिक वाहनों के किरायों की सघन जांच की जाए।

उन्होंने सख्त निर्देश दिए है कि क्षेत्र में टैक्सी संचालन को लेकर किसी भी प्रकार की मनमानी वसूली, आपसी गुटबाजी या अवैध वसूली करने पर कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास पर प्रशासन अत्यंत कठोर रुख अपनाएगा और पीड़ित पक्ष को पूर्ण न्याय प्रदान किया जाएगा।