चंपावत 27 मई 2026,
*चम्पावत में 1 जून से शुरू होगा ‘स्वनिधि महोत्सव’, नगर पालिकाओं और पंचायतों के लिए रोस्टर जारी*
आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार तथा शहरी विकास निदेशालय के निर्देशों के अनुपालन में जनपद चम्पावत के समस्त निकायों में आगामी 1 जून 2026 से 30 जून 2026 तक विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जनपद स्तर पर ‘स्वनिधि महोत्सव’, निकाय स्तर पर ‘लोक कल्याण मेला’ और सेंसस टाउन में ‘स्वनिधि शिविर’ आयोजित किए जाएंगे। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका चंपावत व नोडल अधिकारी भरत त्रिपाठी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इन कार्यक्रमों की रूपरेखा और तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं, जिससे पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को सीधे लाभ पहुंचाया जा सके।
इस भव्य आयोजन की शुरुआत नगर पंचायत बनबसा से होगी, जहां 2 जून और 3 जून 2026 को नगर पंचायत कार्यालय सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद नगर पालिका परिषद टनकपुर में 9 और 10 जून 2026 को नगर पालिका कार्यालय सभागार में मेले का आयोजन होगा। नगर पालिका परिषद चम्पावत के लिए 16 और 17 जून 2026 की तिथियां तय की गई हैं, जिसके तहत नगर पालिका स्थित बारात घर में शिविर लगाया जाएगा। इस अभियान का समापन नगर पालिका परिषद लोहाघाट में होगा, जहां 23 और 24 जून 2026 को नगर पालिका कार्यालय सभागार में कार्यक्रम संपन्न कराया जाएगा। सभी स्थानों पर कार्यक्रमों का समय प्रातः 11:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य पीएम स्वनिधि लाभार्थियों और उनके परिवारों की सफलता की कहानियों व उपलब्धियों को साझा करना तथा हितधारकों के बीच योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। मेलों और शिविरों के माध्यम से फेरी व्यवसायियों (स्ट्रीट वेंडर्स) को ऋण और क्रेडिट कार्ड तक सुगम पहुंच बनाने, डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान बैंकों और फेरी व्यवसायियों की संयुक्त बैठकें होंगी, नए व्यवसायियों का सर्वेक्षण किया जाएगा और उन्हें योजना के दायरे में लाया जाएगा। इस पूरे अभियान को सफल बनाने के लिए बैंक, भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI), डिजिटल भुगतान एग्रीगेटर्स (DPA) और टाउन वेंडिंग समितियों (TVC) के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

