मा. मुख्यमंत्री की घोषणा पर कार्य प्रगति पर : ककराली गेट से माँ पूर्णागिरि मंदिर तक ₹8.10 करोड़ की लागत से लगेगी आधुनिक LED स्ट्रीट लाइट व्यवस्था

चम्पावत, 17 जुलाई 2026,

*मा. मुख्यमंत्री की घोषणा पर कार्य प्रगति पर : ककराली गेट से माँ पूर्णागिरि मंदिर तक ₹8.10 करोड़ की लागत से लगेगी आधुनिक LED स्ट्रीट लाइट व्यवस्था*

*जिलाधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्य प्रगति का जायजा लिया एवं दिए आवश्यक दिशा निर्देश*

मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व, आदर्श चम्पावत के संकल्प तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की सोच के अनुरूप जनपद में विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत ककराली गेट से माँ पूर्णागिरि मंदिर तक प्रस्तावित आधुनिक LED स्ट्रीट लाइट परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मा. मुख्यमंत्री की घोषणा के अंतर्गत ककराली गेट से माँ पूर्णागिरि मंदिर तक लगभग 20 किलोमीटर लंबे मार्ग पर आधुनिक LED स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएंगी। इस परियोजना की कुल लागत लगभग ₹8.1037 करोड़ है। परियोजना के त्वरित क्रियान्वयन हेतु ₹2 करोड़ की धनराशि स्वीकृत एवं अवमुक्त भी कर दी गई है।

परियोजना के तहत मंदिर तक जाने वाले अंतिम लगभग तीन किलोमीटर के दुर्गम पैदल मार्ग पर अंडरग्राउंड केबल (भूमिगत विद्युत लाइन) के माध्यम से प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे खुले विद्युत तारों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं की आशंका समाप्त होगी तथा वन क्षेत्र, पर्यावरण एवं वन्यजीवों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी है, इसलिए प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि परियोजना पूर्ण होने के बाद माँ पूर्णागिरि मेले तथा अन्य धार्मिक अवसरों पर देर रात्रि अथवा प्रातःकाल दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को पूरे मार्ग पर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था से दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी और श्रद्धालुओं का यात्रा अनुभव अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनेगा।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी, उपजिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, तहसीलदार पिंकी आर्या, अधिशासी अभियंता विजय कुमार सकारिया, एसडीओ एम.एस. बृजवाल, जूनियर इंजीनियर नरेन्द्र प्रसाद सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।